अंबिकापुर। छत्तीसगढ़ के अंबिकापुर में पुलिस विभाग की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े करने वाला मामला सामने आया है। दुर्ग जिले से कैदी को अंबिकापुर जेल में शिफ्ट करने पहुंचे एक सहायक उपनिरीक्षक (ASI) और आरक्षक कथित तौर पर शराब के नशे में मिले। हैरानी की बात यह है कि दोनों अपनी INSAS राइफल भी लावारिस हालत में छोड़ गए।
जानकारी के मुताबिक, दोनों पुलिसकर्मी अंबिकापुर के प्रतीक्षा बस स्टैंड के पास नशे की हालत में पड़े मिले। मौके पर लावारिस INSAS राइफल देखकर स्थानीय लोगों ने बस स्टैंड चौकी पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और राइफल को अपने कब्जे में ले लिया।
ड्यूटी के दौरान पुलिसकर्मियों की कथित लापरवाही और संवेदनशील हथियार को बिना सुरक्षा छोड़ने की घटना से सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठने लगे हैं। मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ अधिकारियों ने संज्ञान लिया है। अब इस मामले में आगे की कार्रवाई पर नजर है।



