छत्तीसगढ़

पति-पत्नी का विवाद पहुंचा हत्या तक, गला दबाकर पत्नी को उतारा मौत के घाट..

दुर्ग। जिले के धमधा थाना क्षेत्र के ग्राम अगर में पति-पत्नी के रिश्ते का खौफनाक अंत हो गया। पुलिस के अनुसार, चरित्र पर संदेह को लेकर हुए विवाद के बाद पति त्रिलोक खांडे ने अपनी पत्नी अन्नू खांडे की कथित तौर पर गला दबाकर हत्या कर दी। वारदात के बाद आरोपी पत्नी को बीमार बताकर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र धमधा ले गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

घटना 19 सितंबर की रात करीब 11 से 11:30 बजे के बीच की बताई जा रही है। पुलिस के मुताबिक, विवाद के दौरान आरोपी ने खाट पर बैठी पत्नी के सिर पर मुक्के मारे और इसके बाद उसका गला दबा दिया।

अस्पताल से सूचना मिलने के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू की। नवविवाहिता की मौत को देखते हुए एसडीएम को सूचना दी गई और नायब तहसीलदार की मौजूदगी में पंचनामा कराया गया। इस दौरान मृतका के सिर पर चोट के निशान मिले। शॉर्ट पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मौत को हत्या जनित बताया गया, जिसके बाद पुलिस ने पति से पूछताछ शुरू की।

जांच में यह भी सामने आया कि दोनों के बीच पहले से विवाद चल रहा था और 21 फरवरी 2026 को वे तलाक के लिए धमधा न्यायालय भी गए थे। पुलिस के अनुसार, अन्नू को मायके छोड़ने के दौरान उसके पिता के साथ मारपीट की घटना को लेकर जामुल थाने में रिपोर्ट भी दर्ज थी।

पुलिस ने आरोपी पति त्रिलोक खांडे को गिरफ्तार कर लिया है और उसे रिमांड के लिए न्यायालय में पेश किया गया।

Leave a Reply

Back to top button