छत्तीसगढ़

₹1 लाख की सुपारी देकर पति की हत्या, प्रेमी के साथ मिलकर रची साजिश; एक साल बाद खुला राज..

बलरामपुर। छत्तीसगढ़ के बलरामपुर-रामानुजगंज जिले में पति की हत्या को सड़क हादसे का रूप देने के सनसनीखेज मामले का पुलिस ने करीब एक साल बाद खुलासा किया है। पुलिस के मुताबिक, पत्नी ने अपने प्रेमी के साथ मिलकर पति को रास्ते से हटाने की साजिश रची और पिकअप से कुचलवाकर उसकी हत्या करवा दी। इसके लिए पिकअप चालक को कथित तौर पर 1 लाख रुपये की सुपारी दी गई थी।

हादसा समझकर बंद हो गया था मामला

जानकारी के अनुसार, श्रीकांत रवि की करीब 13 साल पहले झारखंड के देवीगंज निवासी मनीषा से शादी हुई थी। दोनों के तीन बच्चे हैं। बताया जा रहा है कि रामनुजगंज में मोबाइल दुकान चलाने वाला मोहम्मद हसन श्रीकांत के घर किराए पर रहता था। इसी दौरान हसन और मनीषा के बीच प्रेम संबंध बन गए।

पुलिस के अनुसार, दोनों श्रीकांत को रास्ते से हटाना चाहते थे। इसके लिए उन्होंने उसकी हत्या को सड़क दुर्घटना का रूप देने की योजना बनाई।

पिकअप से कुचलवाकर हत्या का आरोप

प्लान के तहत जब श्रीकांत बाइक से झारखंड के चिनिया क्षेत्र से गुजर रहा था, तभी एक पिकअप ने उसकी बाइक को टक्कर मार दी। हादसे में श्रीकांत की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद परिजन इसे सड़क हादसा मानते रहे।

सास की शिकायत से फिर शुरू हुई जांच

करीब एक साल बाद मृतक की मां को अपनी बहू के प्रेम संबंध की जानकारी मिली। इसके बाद उन्होंने पुलिस से शिकायत कर मामले की दोबारा जांच की मांग की। पुलिस ने जांच आगे बढ़ाते हुए मनीषा और उसके कथित प्रेमी मोहम्मद हसन को हिरासत में लेकर पूछताछ की।

पुलिस के मुताबिक, पूछताछ के दौरान दोनों ने हत्या की साजिश और पिकअप चालक को सुपारी दिए जाने की बात स्वीकार की। फिलहाल पुलिस मामले में आगे की कार्रवाई और अन्य आरोपियों की भूमिका की जांच कर रही है।

Leave a Reply

Back to top button