राजनांदगांव/डोंगरगढ़। छत्तीसगढ़ के डोंगरगढ़ में तेज रफ्तार हाइवा ने 12 वर्षीय मासूम को कुचल दिया, जिससे उसकी मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। हादसे के बाद शहर में आक्रोश फैल गया। शनिवार सुबह परिजनों, स्थानीय नागरिकों और सामाजिक संगठनों ने मृतक के शव को डोंगरगढ़ थाना के सामने सड़क पर रखकर चक्काजाम कर दिया। प्रदर्शन के कारण यातायात पूरी तरह प्रभावित रहा।
जानकारी के अनुसार, यह हादसा शुक्रवार देर शाम डोंगरगढ़ अंडरब्रिज के पास हुआ। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक तेज रफ्तार हाइवा ने सड़क पार कर रहे 12 वर्षीय बच्चे को अपनी चपेट में ले लिया। टक्कर इतनी भीषण थी कि बच्चे की मौके पर ही मौत हो गई।
घटना के बाद गुस्साए लोगों ने प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। प्रदर्शनकारियों का कहना था कि शहर के भीतर भारी वाहनों की आवाजाही लगातार जानलेवा साबित हो रही है। वर्षों से बाईपास सड़क निर्माण और शहर में हाइवा सहित भारी वाहनों के प्रवेश पर रोक लगाने की मांग की जा रही है, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई।
प्रदर्शन की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे। पीडब्ल्यूडी अधिकारियों ने भी प्रदर्शनकारियों से चर्चा की और मृतक के परिजनों को नियमानुसार मुआवजा दिलाने, हाइवा चालक व वाहन मालिक के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने तथा बाईपास निर्माण कार्य में तेजी लाने का आश्वासन दिया।
प्रशासन के आश्वासन के बाद चक्काजाम समाप्त कर दिया गया, लेकिन लोगों ने चेतावनी दी कि यदि बाईपास निर्माण और भारी वाहनों पर नियंत्रण को लेकर जल्द ठोस कदम नहीं उठाए गए तो आंदोलन और उग्र किया जाएगा।



