अंबिकापुर। अंबिकापुर पासपोर्ट ऑफिस में एंटी करप्शन ब्यूरो (ACB) की टीम ने बड़ी कार्रवाई की है। पासपोर्ट ऑफिस में छापा मारकर जूनियर पासपोर्ट असिस्टेंट को आठ हजार रुपये रिश्वत लेते गिरफ्तार किया है। पासपोर्ट वेरिफिकेशन के नाम पर रिश्वत की मांग कर रहा था।
जानकारी के अनुसार, बलरामपुर जिले के ग्राम दोलंगी, रामचंद्रपुर निवासी इसरार अंसारी सहित चार लोगों ने पासपोर्ट के लिए आवेदन किया था। पासपोट वेरीफिकेशन के लिए पासपोर्ट आफिस अंबिकापुर के जूनियर पासपोर्ट असिस्टेंट संकट मोचन राय द्वारा प्रति आवेदक तीन हजार रुपये, कुल 12 हजार रुपये की मांग की गई थी। बाद में उनका सौदा 8 हजार रुपये में तय हुआ। इसकी शिकायत इसरार अंसारी ने अंबिकापर ACB से कर दी।
रिश्वत मांगने की पुष्टि के बाद मारा छापा
अंबिकापुर के ACB की टीम ने फोन से आवेदक की जूनियर पासपोर्ट असिस्टेंट से बात कराई। फोन रिकार्डिंग में स्पष्ट हो गया कि जूनियर पासपोर्ट असिस्टेंट ने रिश्वत मांगी है तो गुरूवार को एसीबी की टीम ने जूनियर पासपोर्ट असिस्टेंट को रंगे हाथों पकड़ने की योजना बनाई।
अंबिकापुर ACB के प्रभारी, डीएसपी प्रमोद कुमार खेस के नेतृत्व में टीम पासपोर्ट आफिस पहुंची एवं केमिकल लगे नोट का नंबर दर्ज कर प्रार्थी को रकम लेकर ऑफिस में भेजा। जैसे ही जूनियर पासपोर्ट असिस्टेंट संकट मोचन राय ने रिश्वत की रकम लेकर पैसे जेब में रखे, एसीबी की टीम ने उसे धर दबोचा। ACB की टीम ने संकट मोचन राय को गिरफ्तार कर लिया है। उनके खिलाफ एंटी करप्शन एक्ट की धारा 7 PC Act,, 1988 के तहत कार्रवाई की जा रही है।



