रायपुर। छत्तीसगढ़ विधानसभा के आगामी मानसून सत्र से पहले भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) विधायक दल की महत्वपूर्ण बैठक आज शाम आयोजित होगी। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की अध्यक्षता में यह बैठक शाम 7 बजे नवा रायपुर स्थित मुख्यमंत्री निवास में होगी। बैठक में सभी भाजपा विधायकों की उपस्थिति अनिवार्य की गई है।
विधायक दल के सचिव की ओर से सभी विधायकों को बैठक में शामिल होने के निर्देश जारी किए गए हैं। माना जा रहा है कि बैठक में 13 जुलाई से शुरू होने वाले विधानसभा के मानसून सत्र की रणनीति, विपक्ष के सवालों का जवाब देने की तैयारी और सरकार की प्राथमिकताओं पर विस्तार से चर्चा होगी।
बैठक से पहले मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने सोमवार शाम राज्यपाल रमेन डेका से राजभवन में मुलाकात की थी। इसके बाद राजनीतिक हलकों में बैठक को लेकर चर्चाएं और तेज हो गई हैं।
सूत्रों के अनुसार, बैठक में राज्य सरकार की विभिन्न योजनाओं, विकास कार्यों और आगामी विधानसभा सत्र के दौरान उठाए जाने वाले मुद्दों पर भी मंथन किया जाएगा। यह पहली बार है कि मानसून सत्र शुरू होने से लगभग एक सप्ताह पहले भाजपा विधायक दल की औपचारिक बैठक बुलाई गई है।
गौरतलब है कि छत्तीसगढ़ विधानसभा का मानसून सत्र 13 जुलाई से 17 जुलाई 2026 तक चलेगा। इस दौरान सदन की कुल 5 बैठकें आयोजित होंगी, जिनमें वित्तीय कार्यों के साथ-साथ कई महत्वपूर्ण शासकीय विषयों पर चर्चा और विधायी कार्य संपन्न होंगे।



