छत्तीसगढ़

मनेंद्रगढ़ में भीषण सड़क हादसा: पेड़ से टकराई यात्री बस, 6 लोगों की मौत, 15 घायल..

मनेंद्रगढ़। छत्तीसगढ़ के मनेंद्रगढ़-केल्हारी मार्ग पर गुरुवार को एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। पहाड़हंसवाही के पास तेज रफ्तार यात्री बस अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पेड़ से टकरा गई। हादसे में चालक समेत 6 लोगों की मौत हो गई, जबकि करीब 15 यात्री घायल बताए जा रहे हैं।

टक्कर के बाद मची चीख-पुकार

जानकारी के अनुसार, यात्री बस मनेंद्रगढ़-केल्हारी मार्ग से गुजर रही थी। इसी दौरान पहाड़हंसवाही के समीप चालक बस पर नियंत्रण खो बैठा और बस सड़क किनारे पेड़ से जा टकराई। टक्कर इतनी भीषण थी कि मौके पर चीख-पुकार मच गई। शुरुआती जानकारी में दो लोगों की मौत की खबर सामने आई थी, लेकिन बाद में मृतकों की संख्या बढ़कर 6 हो गई।

पुलिस और ग्रामीणों ने चलाया राहत-बचाव अभियान

हादसे की सूचना मिलते ही स्थानीय ग्रामीणों और पुलिस-प्रशासन की टीम ने राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। पुलिस और स्वास्थ्य विभाग की संयुक्त टीम ने एंबुलेंस की मदद से घायलों को नजदीकी अस्पताल पहुंचाया, जहां उनका इलाज जारी है।

अधिकारियों ने अस्पताल पहुंचकर लिया जायजा

घटना के बाद उपजिलाधिकारी शशिशेखर मिश्रा ने अस्पताल पहुंचकर घायलों के स्वास्थ्य की जानकारी ली। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को घायलों के उपचार के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

वहीं, पुलिस अधीक्षक रत्ना सिंह ने भी केल्हारी अस्पताल पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया और अधिकारियों से घटना की जानकारी लेकर जरूरी निर्देश दिए। हादसे के कारणों की विस्तृत जानकारी फिलहाल सामने नहीं आई है।

Leave a Reply

Back to top button