रायगढ़ 28 जनवरी 2026/रायगढ़ जिले के नवपदस्थ वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह, आईपीएस ने औपचारिक रूप से कार्यभार ग्रहण कर लिया है। पदभार संभालने के बाद उन्होंने जिले की कानून-व्यवस्था, अपराध नियंत्रण और आम जनता की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देने की बात कही।छत्तीसगढ़ राज्य गठन के बाद वे रायगढ़ जिले के 21वें पुलिस अधीक्षक बने हैं।
पदभार ग्रहण करने के बाद एसएसपी शशि मोहन सिंह ने जिले के सभी राजपत्रित अधिकारियों, थाना प्रभारियों और पुलिस अधिकारियों के साथ बैठक कर अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण, महिलाओं की सुरक्षा, नशे के अवैध कारोबार पर सख्त कार्रवाई तथा साइबर अपराध के मामलों में त्वरित कार्यवाही के निर्देश दिए।
जन-सहयोग पर रहेगा विशेष जोर
एसएसपी शशि मोहन सिंह ने कहा कि पुलिस और जनता के बीच विश्वास कायम करना उनकी प्राथमिकता रहेगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि पुलिस केवल कानून लागू करने वाली संस्था नहीं है, बल्कि समाज की सुरक्षा की जिम्मेदारी भी निभाती है। इसके लिए जन संवाद, बीट पुलिसिंग और सामुदायिक पुलिसिंग को और मजबूत किया जाएगा।
अपराधियों पर सख्ती, पीड़ितों को न्याय
उन्होंने सभी थाना प्रभारियों को निर्देशित किया कि अपराधियों पर जीरो टॉलरेंस नीति अपनाई जाए, वहीं पीड़ित पक्ष की शिकायतों को गंभीरता से लेकर त्वरित निराकरण सुनिश्चित किया जाए। लंबित मामलों की नियमित समीक्षा कर शीघ्र निपटारा करने के निर्देश भी दिए गए।
अनुभवी और सख्त छवि के अधिकारी शशिमोहन सिंह
आईपीएस शशि मोहन सिंह एक अनुभवी, अनुशासित और सख्त प्रशासनिक अधिकारी माने जाते हैं। इससे पहले भी वे राज्य के विभिन्न जिलों में महत्वपूर्ण पदों पर रहते हुए बेहतर पुलिसिंग और प्रभावी प्रशासन के लिए पहचान बना चुके हैं।
रायगढ़ जिले में कानून व्यवस्था से कोई समझौता नहीं
मीडिया से बातचीत में एसएसपी शशि मोहन सिंह ने कहा कि रायगढ़ जिले में कानून व्यवस्था से कोई समझौता नहीं किया जाएगा। आम नागरिक बिना किसी भय के पुलिस से संपर्क कर सकें, इसके लिए पुलिस तंत्र को और अधिक संवेदनशील बनाया जाएगा।



