बलौदाबाजार। जिले के लवन थाना क्षेत्र के चितावर गांव में जादू-टोने के शक ने एक परिवार को तबाह कर दिया। पुलिस के अनुसार, रामदयाल ध्रुव ने अपनी चचेरी बहन सतरूपा पर जादू-टोना करने का शक जताते हुए उस पर धारदार हथियार से हमला कर दिया। गंभीर चोट लगने से युवती की मौके पर ही मौत हो गई।
बताया जा रहा है कि आरोपी की पत्नी की कुछ महीने पहले अचानक मौत हो गई थी। इसके बाद उसे शक था कि सतरूपा ने जादू-टोना किया था। इसी बात को लेकर दोनों परिवारों के बीच पहले भी विवाद हुआ था और मामला सामाजिक बैठक तक पहुंचा था।
घटना के वक्त सतरूपा घर की बाड़ी में कुएं के पास बर्तन धो रही थी। इसी दौरान आरोपी वहां पहुंचा और हमला कर दिया। घटना की सूचना मिलने के बाद लवन पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की।
पुलिस ने आरोपी रामदयाल ध्रुव को गिरफ्तार कर लिया है। हत्या में इस्तेमाल हथियार समेत अन्य साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं। पुलिस अब घटना के पीछे की पूरी परिस्थितियों और पुराने विवाद की भी जांच कर रही है।
यह घटना एक बार फिर बताती है कि अंधविश्वास और जादू-टोने जैसी धारणाएं किस तरह गंभीर अपराध का कारण बन सकती हैं। फिलहाल पुलिस मामले की विस्तृत जांच में जुटी है।



