बिलासपुर। सर्पदंश से मौत के फर्जी दस्तावेज तैयार कर मुआवजा दिलाने के मामले में आरोपी सिम्स के तत्कालीन फॉरेंसिक डॉक्टर डॉ. एसएन गोले के फरार होने से नई परेशानी खड़ी हो गई है। डॉक्टर के फरार रहने के कारण सिम्स में 35 से अधिक पोस्टमार्टम रिपोर्ट लंबित हैं।
बताया जा रहा है कि इन रिपोर्टों पर डॉ. गोले के हस्ताक्षर होने हैं। उनके फरार होने के चलते रिपोर्ट जारी नहीं हो पा रही हैं। इससे मृतकों के परिजन एलआईसी और इंश्योरेंस क्लेम सहित अन्य कानूनी मामलों में परेशानियों का सामना कर रहे हैं।
इस मामले में पिछले तीन महीनों में अब तक 19 लोगों की गिरफ्तारी हो चुकी है, जबकि कुछ आरोपी अब भी फरार बताए जा रहे हैं। पुलिस फरार डॉक्टर की तलाश कर रही है।
सिम्स के डीन डॉ. रमणेश मूर्ति के अनुसार, जिस डॉक्टर ने शव का पोस्टमार्टम किया है, कानूनी प्रक्रिया के तहत वही डॉक्टर पोस्टमार्टम रिपोर्ट जारी करता है। इसी वजह से किसी दूसरे डॉक्टर से इन रिपोर्टों को जारी कराना संभव नहीं बताया जा रहा है।
रिपोर्ट लंबित होने से कई मामलों में जमानत प्रक्रिया और बीमा दावों पर भी असर पड़ रहा है। दूर-दराज से मृतकों के परिजन रिपोर्ट के लिए सिम्स के चक्कर काट रहे हैं।



