छत्तीसगढ़

जशपुर में कहर बनकर गिरी बिजली, 27 मवेशियों की मौत, दो महिलाएं झुलसीं..

जशपुर। छत्तीसगढ़ के जशपुर जिले में शनिवार को आकाशीय बिजली ने भारी तबाही मचाई। तपकरा तहसील क्षेत्र में दो अलग-अलग स्थानों पर हुए वज्रपात की घटनाओं में कुल 27 मवेशियों की मौत हो गई, जबकि दो महिलाएं गंभीर रूप से झुलस गईं। घटना के बाद प्रभावित गांवों में शोक का माहौल है और ग्रामीणों ने प्रशासन से मुआवजे की मांग की है।

जानकारी के अनुसार, शनिवार सुबह मौसम अचानक खराब हो गया। तेज गरज-चमक और बारिश के बीच पुराइनबंध गांव के पास जंगल में ललिता पैकरा और उर्मिला पैकरा अपने मवेशियों एवं बकरियों को चरा रही थीं। बारिश से बचने के लिए दोनों महिलाएं पशुओं के साथ एक बरगद के पेड़ के नीचे खड़ी हो गईं। इसी दौरान पेड़ पर आकाशीय बिजली गिर गई।

इस हादसे में 12 बकरियों और 3 मवेशियों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दोनों महिलाएं झुलस गईं। ग्रामीणों ने उन्हें तत्काल अस्पताल पहुंचाया, जहां उनका उपचार जारी है।

वहीं दूसरी घटना अमडीहा ग्राम पंचायत के होंनहाई बगीचा क्षेत्र में हुई। यहां भी पशु चराने गए ग्रामीणों के 12 मवेशी वज्रपात की चपेट में आ गए और उनकी मौत हो गई। मृत पशु सात अलग-अलग पशुपालकों के बताए जा रहे हैं।

घटना की सूचना मिलने के बाद राजस्व विभाग की टीम मौके पर पहुंची और पंचनामा तैयार किया। प्रशासन ने नुकसान का आकलन शुरू कर दिया है तथा प्रभावित परिवारों को नियमानुसार राहत राशि देने की प्रक्रिया प्रारंभ कर दी गई है। ग्रामीणों ने शासन से शीघ्र आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने की मांग की है।

Leave a Reply

Back to top button