गरियाबंद। जिले के देवभोग थाना क्षेत्र स्थित दीवानमुड़ा गांव में सोमवार सुबह एक होटल में दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई। आरोपी ने धारदार ब्लेड से एक महिला पर हमला कर उसकी गला रेतकर हत्या कर दी। घटना में महिला के पति और दो बेटे भी गंभीर रूप से घायल हो गए।
मृतका की पहचान 45 वर्षीय छबनीता यादव के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि आरोपी देवीसिंह अचानक होटल पहुंचा और महिला पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया। महिला को बचाने पहुंचे पति और दोनों बेटों पर भी ब्लेड से हमला किया गया। वारदात के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया।
घटना के बाद आसपास के लोगों में अफरा-तफरी मच गई। घायल परिजन महिला को लेकर देवभोग अस्पताल पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने महिला को मृत घोषित कर दिया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी को हिरासत में ले लिया।
पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है। घटना के कारणों का पता लगाने के लिए आरोपी से पूछताछ जारी है। इस वारदात के बाद इलाके में दहशत और मातम का माहौल है।



