रायपुर। नवा रायपुर अटल नगर से जारी आदेश के अनुसार छत्तीसगढ़ शासन के सामान्य प्रशासन विभाग ने राज्य प्रशासनिक सेवा के अधिकारी शैलाभ कुमार साहू को वन एवं जलवायु परिवर्तन, परिवहन, सहकारिता एवं संसदीय कार्य मंत्री केदार कश्यप का विशेष सहायक नियुक्त किया है।
17 अप्रैल 2026 को जारी इस आदेश में बताया गया है कि शैलाभ साहू, जो वर्तमान में सामान्य प्रशासन विभाग में उप सचिव के पद पर कार्यरत हैं, उन्हें मंत्री के निजी स्थापना में अस्थायी रूप से आगामी आदेश तक विशेष सहायक के पद पर पदस्थ किया गया है।
यह पद पिछले कुछ समय से खाली था, क्योंकि पूर्व विशेष सहायक तीर्थराज अग्रवाल के आईएएस में प्रमोट होने के बाद नई नियुक्ति नहीं हुई थी। मंत्री केदार कश्यप एक सक्षम और अनुभवी अधिकारी की तलाश में थे, जिसके बाद शैलाभ साहू को यह जिम्मेदारी सौंपी गई।
शैलाभ साहू राज्य प्रशासनिक सेवा के 2013 बैच के अधिकारी हैं और उन्हें परिणाम देने वाले अफसर के रूप में जाना जाता है। विशेष रूप से आईटी क्षेत्र में उनकी अच्छी पकड़ रही है। परिवहन विभाग में कार्यकाल के दौरान ड्राइविंग लाइसेंस सहित कई सेवाओं को ऑनलाइन करने में उनकी महत्वपूर्ण भूमिका रही।
आदेश के अनुसार, उनके कार्यभार ग्रहण करने के दिन से यह नियुक्ति प्रभावशील होगी। साथ ही, उनके स्थान पर उप सचिव पुलक भट्टाचार्य को अतिरिक्त प्रभार सौंपा गया है। उन्हें शैलाभ साहू को आवंटित ई-ऑफिस, स्पैरो, ई-एचआरएमएस और सामान्य प्रशासन विभाग की विभिन्न शाखाओं से जुड़े कार्यों की जिम्मेदारी दी गई है।
यह आदेश उप सचिव अंशिका पांडेय द्वारा जारी किया गया है, जिसे डिजिटल रूप से हस्ताक्षरित किया गया है।
गौरतलब है कि शैलाभ साहू को एक कुशल और आईटी दक्ष अधिकारी के रूप में जाना जाता है, और अब वे मंत्री केदार कश्यप के साथ नई जिम्मेदारी में कार्य करेंगे।



