दुर्ग। भिलाई शहर से वित्तीय धोखाधड़ी का एक बड़ा मामला सामने आया है। जहां ईसाफ स्माल फाइनेंस बैंक के सैकड़ों ग्राहकों के साथ दस संग्रह कर्मचारियों ने लगभग 85लाख रुपए की ठगी की है। ग्राहकों से रकम एकत्रित कर कर्मचारियों ने निजी खर्च किया।प्रबंधक की शिकायत पर पुलगांव पुलिस ने अपराध दर्ज कर छह आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
आरोपियों ने 24 मई 2024 से 24 जून 2025 के मध्य कुल 84,98,940 रुपए खर्च कर गबन किया। प्रार्थी की रिपोर्ट पर पुलगांव थाना में अप.क्र. 546/2025, थारा 420, 409, 120-बी भादवि कायम कर विवेचना में लिया गया। जांच के दौरान पाया गया कि बैंक में काम करने वाले संग्रह कर्मचारी 240 ग्राहकों को दी गई लोन की राशि लगभग 85 लाख रुपए ग्राहकों से एकत्रित कर बैंक में जमा नहीं कर धोखाधड़ी किया है।
प्रकरण के छह आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है, जिसमें लोरमी, जिला मुंगेली निवासी टीकाराम पाटले (35 वर्ष), बसना जिला महासमुंद निवासी आकाश नायक (30 वर्ष), उरला, जिला दुर्ग निवासी ओम प्रकाश कोसरे (21 वर्ष), दल्लीराजहरा जिला बालोद निवासी आर्या गोस्वामी (25 वर्ष), आदित्य नगर, जिला दुर्ग निवासी रेशमा वर्मा (25 वर्ष) और कोसा नगर, सुपेला निवासी अंकिता पासवान (22 वर्ष) शामिल हैं।अन्य आरोपियों की भी गिरफ्तारी शीघ्र की जाएगी।



