दंतेवाड़ा। अरनपुर आईईडी ब्लास्ट मामले में राष्ट्रीय जांच एजेंसी (NIA) ने शुक्रवार को छत्तीसगढ़ के बस्तर क्षेत्र के दंतेवाड़ा और सुकमा जिलों में 12 स्थानों पर छापेमारी की। यह हमला 26 अप्रैल 2023 को दंतेवाड़ा जिले के अरनपुर थाना क्षेत्र के ग्राम पेडका के पास, CPI (माओवादी) की दारभा डिवीजन कमेटी द्वारा किया गया था।
संदिग्ध लोगों की तलाशी के लिए NIA की छापेमारी
ये छापे इस मामले RC-07/2024/NIA/RPR (अरनपुर आईईडी ब्लास्ट केस) में नामजद आरोपियों/ संदिग्धों के ठिकानों पर किए गए। दंतेवाड़ा के अरनपुर सरपंच और नहाड़ी गांव में चंदा नामक युवक के यहाँ एजेंसी ने रेड मारी है। वहीं पालनार में टूकनु नामक के घर से नगद राशि और कुछ दस्तावेज बरामद किया गया है।
NIA के पास पहुंचा था मामला
अरनपुर में नक्सलियों ने IED ब्लास्ट कर जवानों से भरी वाहन को उड़ा दिया था। इस ब्लास्ट में वाहन चालक समेत 11 जवान शहीद हो गए थे, जिसके बाद यह मामला राष्ट्रीय जांच एजेंसी (NIA) के पास पहुंचा था। तभी से इस मामले में राष्ट्रीय जांच एजेंसी (NIA) की कार्रवाई जारी है। साथ ही टीम अब तक 27 आरोपियों को गिरफ्तार कर दो आरोपपत्र दाखिल कर चुकी है।



