छत्तीसगढ़

महादेव ऐप का बड़े आरोपी मुम्बई एयरपोर्ट से गिरफ्तार..फर्जी अकाउंट खुलवाकर करोड़ों की धोखाधड़ी.. 90 खाते, 3 करोड़ 88 लाख की राशि होल्ड..

रायपुर। सरकारी योजना का लालच देकर फर्जी अकांउट खुलवाकर करोड़ों रुपए की ठगी करने के मामले में गिरोह के रतलाम शहर के मुख्य आरोपी दुबई में बैठकर महादेव ऐप का संचालन करने वाले मृगांक मिश्रा को पांच महीने बाद राजस्थान पुलिस ने मुंबई एयरपोर्ट से गिरफ्तार कर लिया है।

आरोपी के खिलाफ राजस्थान के प्रतापगढ़ में सरकारी योजना के तहत रुपये दिलाने के नाम पर फर्जी अकांउट कर करोड़ों की धोखाधड़ी का मामला दर्ज है। आरोपी मृगांक मिश्रा को महादेव ऐप किंग सौरभ चन्द्राकर का बेहद करीबी बताया जा रहा है। सौरभ छत्तीसगढ़ का रहने वाला है और वर्तमान में दुबई में रहकर महादेव ऐप संचालित कर रहा है। फिलहाल रतलाम निवासी मृगांक मिश्रा से पूछताछ जारी है।

मई 2023 में राजस्थान प्रतापगढ़ के कोतवाली थाने में कुछ लोगों ने मृगांक मिश्रा के नाम पर धोखाधड़ी की शिकायत दर्ज कराई थी। रिपोर्ट में बताया गया था कि सरकारी योजना के नाम पर मृगांक ने प्रतापगढ़ के लोगों को रुपए का लालच देकर कई के नाम पर खाता खुलवाया था। साथ ही उनके नाम से सिम कार्ड भी जारी करवाया। इस दौरान खाताधारकों को बैंक की ओर से जानकारी मिली कि उनके खातों से करोड़ों रुपयों का लेनदेन किया गया है। लोगों ने सोचा जब उन्होंने अपने खातों से रुपयों का लेनदेन किया ही नहीं तो खातों को कौन ऑपरेटर कर रहा है। इस बात की शिकायत उन्होंने सिविल लाइन पुलिस को की। पुलिस जांच में पता चला कि आरोपी मृगांक मिश्रा ही खातों में करोड़ों रुपयों का लेनदेन कर रहा है। जैसे ही इसकी भनक मृगांक को हुई तो वो फरार हो गया। पुलिस ने उसके घर मध्यप्रदेश के रतलाम और मुम्बई स्थित फ्लैट में आक्टा केस्ट बिल्डिंग लोखंडवाला कांदिवली में छापेमारी की, लेकिन वो नहीं मिला। इस दौरान पुलिस को पता चला कि आरोपी दुबई भाग गया है और यहीं से महादेव ऐप का संचालन कर रहा है। पुलिस ने उसके खिलाफ लुक आउट नोटिस भी जारी किया था। पिछले छह माह से राजस्थान पुलिस आरोपी की तलाश कर रही थी। इस दौरान राजस्थान पुलिस को पता चला कि आरोपी 14 अक्टूबर को दुबई से भारत आएगा। आरोपी रविवार को जैसे ही मुम्बई छत्रपति शिवाजी एयरपोर्ट पहुंच वैसे ही पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया।

बता दें, इस मामले में पहले भी प्रतापगढ़ पुलिस ने चार आरोपी संजय निवासी रठांजना, शुभम निवासी भटपुरा, रुद्राक्ष त्रिवेदी बाहुबली कॉलोनी प्रतापगढ़ और अमन सोनी रतलाम निवासी को गिरफ्तार किया था। आरोपियों ने पूछताछ में अपने मुख्य सरगना रतलाम निवासी मृगांक मिश्रा के बारे में जानकारी दी थी। आरोपियों के कब्जे से 20 से ज्यादा डेबिट कार्ड, क्रेडिट कार्ड जब्त किया गया था।

राजस्थान पुलिस ने इस प्रकरण में 90 खातों का पता लगाया था, जिसमे से 68 खातों को फ्रीज कर 3 करोड़ 88 लाख की राशि होल्ड कार्रवाई गई। प्रतापगढ़ एसपी अमित कुमार ने मीडिया को बताया, मृगांक दुबई में रहकर महादेव ऑनलाइन ग्रुप का संचालन कर रहा था। आरोपी की गिरफ्तारी के लिए लुक आउट नोटिस भी जारी किया गया था।

Leave a Reply

Back to top button