जांजगीर-चांपा। Janjgir जिले के अकलतरा क्षेत्र में दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। ग्राम खटोला के पास ओवरटेक के दौरान बाइक और कार की आमने-सामने जोरदार भिड़ंत हो गई। हादसे में एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि तीन अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए।
जानकारी के अनुसार, ग्राम कोटगढ़ निवासी भूपेंद्र धीवर, बुधराम धीवर, डेमन धीवर और फागूराम धीवर एक ही बाइक पर सवार होकर अकलतरा की ओर जा रहे थे। इसी दौरान ग्राम खटोला के पास उन्होंने एक वाहन को ओवरटेक करने की कोशिश की। तभी सामने से आ रही तेज रफ्तार कार से उनकी सीधी टक्कर हो गई।
हादसा इतना भीषण था कि बाइक पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई, वहीं कार का अगला हिस्सा भी बुरी तरह टूट गया। टक्कर की तेज आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और घायलों को बाहर निकाला।
इस हादसे में बाइक चला रहे 22 वर्षीय भूपेंद्र धीवर की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं बुधराम धीवर, फागूराम धीवर और डेमन धीवर गंभीर रूप से घायल हो गए। मां कर्मा एंबुलेंस की मदद से सभी को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र अकलतरा पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक इलाज के बाद घायलों को सिम्स बिलासपुर रेफर कर दिया गया।
बताया जा रहा है कि बुधराम और फागूराम की हालत गंभीर बनी हुई है, जबकि डेमन खतरे से बाहर है। पुलिस ने मृतक के शव का पोस्टमार्टम कर परिजनों को सौंप दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है।



