बिलासपुर। Bilaspur में नौकरी दिलाने के नाम पर लाखों रुपए की ठगी और मानसिक प्रताड़ना से परेशान युवक द्वारा आत्महत्या करने का मामला सामने आया है। युवक ने कथित तौर पर कीटनाशक पीकर अपनी जान दे दी। घटना के बाद परिवार में मातम पसरा हुआ है।
जानकारी के मुताबिक, ग्राम हिरी निवासी रमेश साहू ने कलेक्टर जनदर्शन में शिकायत करते हुए बताया कि अप्रैल 2025 में भवानी वैष्णव नामक व्यक्ति ने उनके बेटे राहुल साहू को दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे के मेस में नौकरी दिलाने का झांसा दिया था। नौकरी लगाने के बदले आरोपित दंपत्ति ने पांच लाख रुपए की मांग की थी।
पीड़ित पिता ने बेटे के भविष्य की उम्मीद में अपनी जमीन गिरवी रखकर आरोपित भवानी वैष्णव और उसकी पत्नी अम्बिका वैष्णव को पांच लाख रुपए नगद दे दिए। आरोपितों ने छह महीने के भीतर नौकरी लगवाने का भरोसा दिलाया था।
समय बीतने के बाद भी जब नौकरी नहीं लगी तो परिवार को ठगी का एहसास हुआ। पैसे वापस मांगने पर आरोपितों ने रकम लौटाने से इनकार कर दिया और युवक राहुल साहू को झूठे केस में फंसाने की धमकी देने लगे। परिजनों का आरोप है कि लगातार मानसिक दबाव और प्रताड़ना से परेशान होकर राहुल ने घर की बाड़ी में कीटनाशक पी लिया।
गंभीर हालत में उसे सिम्स अस्पताल बिलासपुर ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। अब पीड़ित पिता प्रशासन और पुलिस से आरोपित दंपत्ति के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।



