दुर्ग। छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले में पुलिस ने देर रात बड़ी कार्रवाई करते हुए एक पिकअप वाहन से करीब 4 करोड़ रुपये नकद बरामद किए हैं। शुरुआती जानकारी के मुताबिक, इतनी बड़ी रकम वाहन में बनाए गए गुप्त कंपार्टमेंट में छिपाकर रखी गई थी। मामले में हवाला कनेक्शन की आशंका के बीच पुलिस नकदी के स्रोत और उसके परिवहन से जुड़ी जानकारी जुटा रही है।
खुर्सीपार थाना क्षेत्र में हुई कार्रवाई
जानकारी के अनुसार, मामला दुर्ग जिले के खुर्सीपार थाना क्षेत्र का है। छावनी सीएसपी और क्राइम ब्रांच की संयुक्त टीम ने देर रात कार्रवाई के दौरान एक पिकअप वाहन की जांच की। इस दौरान वाहन में विशेष तरीके से बनाए गए गुप्त कंपार्टमेंट से करीब 4 करोड़ रुपये नकद बरामद हुए।
वाहन में इतनी बड़ी मात्रा में नकदी मिलने की खबर सामने आते ही इलाके में हड़कंप मच गया।
हवाला कनेक्शन की आशंका, जांच जारी
पुलिस अब बरामद रकम के स्रोत, इसे कहां ले जाया जा रहा था और इसके पीछे किन लोगों की भूमिका है, इसकी जांच कर रही है। शुरुआती जानकारी में रकम के हवाला से जुड़े होने का संदेह जताया गया है, हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी।
फिलहाल पुलिस पूरे मामले की पड़ताल में जुटी है। नकदी से जुड़े अन्य तथ्यों और जांच के निष्कर्षों का इंतजार है।



