रायपुर। छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर के पंडरी स्थित महालक्ष्मी मार्केट में रविवार को भीषण आग लगने से अफरा-तफरी मच गई। मार्केट की एक इमारत की चौथी मंजिल पर स्थित होम डेकोरेशन की दुकान आग की चपेट में आ गई। इस घटना में दुकान में रखा फर्नीचर और सजावटी सामान जलकर नष्ट हो गया। शुरुआती जानकारी के मुताबिक, व्यापारी को लाखों रुपये का नुकसान होने की आशंका है।
चौथी मंजिल से उठने लगा काला धुआं
जानकारी के अनुसार, घटना रविवार को देवेंद्र नगर थाना क्षेत्र में सिटी सेंटर मॉल के पास स्थित महालक्ष्मी मार्केट में हुई। अचानक इमारत की चौथी मंजिल से धुएं का गुबार उठने लगा। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया और होम डेकोरेशन की दुकान को अपनी चपेट में ले लिया।
आग और धुएं को देखकर आसपास मौजूद लोगों में हड़कंप मच गया। घटना की सूचना तत्काल दमकल विभाग और स्थानीय पुलिस को दी गई।
दमकल की दो गाड़ियों ने संभाला मोर्चा
सूचना मिलते ही दमकल विभाग की दो गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। दमकलकर्मियों ने कड़ी मशक्कत करते हुए आग पर काबू पाने का प्रयास किया। आग के कारण दुकान में रखा भारी मात्रा में फर्नीचर और सजावटी सामान जलकर खाक हो गया।
लाखों के नुकसान की आशंका, आग लगने का कारण अज्ञात
इस अग्निकांड में व्यापारी को लाखों रुपये के नुकसान की आशंका जताई जा रही है। हालांकि, वास्तविक नुकसान का आकलन होने के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।
फिलहाल आग लगने के कारणों का पता नहीं चल पाया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।



