जांजगीर-चांपा। छत्तीसगढ़ के जांजगीर-चांपा जिले के पामगढ़ में शराब पीने के बाद संदिग्ध परिस्थितियों में दो लोगों की मौत हो गई। मृतकों में बहुजन समाज पार्टी (BSP) के पार्षद रामखिलावन जांगड़े (55) और निजी क्लिनिक संचालक जोहितराम खरे (52) शामिल हैं। वहीं, शराब सेवन के दौरान साथ रहे एक अन्य व्यक्ति की तबीयत भी बिगड़ गई, जिसके बाद उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया। पुलिस ने मामले में एक व्यक्ति को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।
चार लोगों ने साथ बैठकर पी थी शराब
प्राप्त जानकारी के अनुसार, शुक्रवार देर शाम पार्षद रामखिलावन जांगड़े अपने तीन साथियों के साथ बैठकर देशी शराब पी रहे थे। शराब पीने के बाद घर पहुंचने पर रामखिलावन जांगड़े और जोहितराम खरे की तबीयत बिगड़ने लगी। दोनों को सांस लेने में परेशानी होने लगी।
परिजन और आसपास के लोग उन्हें सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पामगढ़ लेकर पहुंचे। वहां प्राथमिक उपचार के बाद हालत गंभीर होने पर दोनों को बिलासपुर रेफर कर दिया गया।
अलग-अलग अस्पतालों में इलाज के दौरान मौत
रामखिलावन जांगड़े को बिलासपुर के सिम्स अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जहां उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई। वहीं, जोहितराम खरे ने अपोलो अस्पताल में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया।
शराब सेवन के दौरान मौजूद कमल नाथ खरे उर्फ राजा की भी शनिवार को तबीयत बिगड़ गई। उसे उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया। उसकी स्थिति को लेकर विस्तृत जानकारी सामने आना बाकी है।
शराब में जहरीला पदार्थ मिलने की आशंका
घटना के बाद शराब में जहरीला पदार्थ मिला होने की आशंका जताई जा रही है। हालांकि, अभी तक दोनों की मौत की वास्तविक वजह की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। मौत के कारणों का पता लगाने के लिए पोस्टमार्टम कराया जाना है। साथ ही विसरा सुरक्षित रखकर जांच कराए जाने की जानकारी सामने आई है।
एक व्यक्ति हिरासत में, पुलिस कर रही जांच
मामले में पुलिस ने शराब पीने के दौरान मौजूद मुकेश कश्यप उर्फ गोलू को हिरासत में लिया है। उससे पूछताछ की जा रही है। पुलिस अन्य साथियों से भी जानकारी जुटाने में लगी है।
एसडीओपी तोपेश वर्मा के मुताबिक, चार लोगों ने साथ बैठकर सादी देशी शराब का सेवन किया था। इसके बाद दो लोगों की तबीयत बिगड़ी और इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।
फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और विसरा जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा कि दोनों की मौत शराब में किसी जहरीले पदार्थ की मौजूदगी से हुई या इसके पीछे कोई अन्य कारण था।


