कोरबा | जिले में सोमवार हादसों से भरा दिन साबित हुआ। जिले में अलग-अलग तीन घटनाओं में कुल 5 लोगों की मौत हो गई। कहीं सड़क हादसे में बाइक सवारों ने जान गंवाई, तो कहीं पिकनिक से लौट रहे युवकों का ऑटो पलट गया। वहीं एक फ्लाई ऐश ईंट फैक्ट्री में काम के दौरान महिला मजदूर की दर्दनाक मौत हो गई।
पहली घटना बांकी मोंगरा थाना क्षेत्र के जवाली-चाकाबुड़ा मार्ग की है। यहां बाइक सवार दो ग्रामीणों को तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी। हादसे में अरदा निवासी प्रकाश और चाकाबुड़ा निवासी बबलू की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद नाराज ग्रामीणों ने अवैध रेत परिवहन करने वाले वाहनों पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए देर रात तक सड़क जाम कर दिया। पुलिस की समझाइश के बाद मामला शांत हुआ।
दूसरी घटना बालको थाना क्षेत्र के अजगरबहार की है। बताया जा रहा है कि खरमोरा के 10 युवक पिकनिक मनाकर ऑटो से लौट रहे थे। इसी दौरान तेज रफ्तार ऑटो अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसे में सोनू यादव और सत्यम यादव की मौत हो गई, जबकि अन्य युवक घायल हो गए। घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
तीसरी घटना सिविल लाइन थाना क्षेत्र के गोढ़ी स्थित प्रेम एंटरप्राइजेज फ्लाई ऐश ईंट फै्ट्री की है। यहां मशीन की सफाई के दौरान भारी लीवर गिरने से महिला मजदूर की मौत हो गई। घटना के बाद परिजनों ने मुआवजे की मांग को लेकर हंगामा किया। बाद में फैक्ट्री संचालक ने आर्थिक सहायता और नौकरी देने का आश्वासन दिया, जिसके बाद मामला शांत हुआ।



