लखनऊ-रायपुर। राजधानी लखनऊ के चौधरी चरण सिंह अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर उस वक्त बड़ा हादसा टल गया, जब रायपुर जा रही फ्लाइट के टेकऑफ के दौरान अचानक रनवे पर एक बंदर आ गया।
बताया जा रहा है कि विमान में 132 यात्री और क्रू सदस्य सवार थे। फ्लाइट जैसे ही रनवे पर तेज गति से आगे बढ़ रही थी, तभी पायलट की नजर अचानक सामने आए बंदर पर पड़ी। स्थिति की गंभीरता को समझते हुए पायलट ने तुरंत इमरजेंसी ब्रेक लगाया, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया।
घटना के दौरान विमान में कुछ समय के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया और यात्रियों की सांसें थम सी गईं। हालांकि राहत की बात यह रही कि सभी यात्री सुरक्षित हैं और विमान को किसी प्रकार का नुकसान नहीं हुआ।
घटना के बाद एयरपोर्ट प्रशासन ने तत्काल रनवे को अस्थायी रूप से बंद कर दिया और बंदर को पकड़ने के लिए अभियान चलाया गया। वहीं, नागरिक उड्डयन विभाग ने पूरे मामले की जांच के आदेश दे दिए हैं और एयरपोर्ट से विस्तृत रिपोर्ट मांगी गई है।
विशेषज्ञों के अनुसार, टेकऑफ या लैंडिंग के दौरान रनवे पर किसी भी जीव या वस्तु का आना बेहद खतरनाक होता है, जिसे Runway Intrusion कहा जाता है। ऐसे मामलों में छोटी सी चूक भी बड़े हादसे का कारण बन सकती है।



