जांजगीर। छत्तीसगढ़ के जांजगीर जिले से एक सनसनीखेज हत्या का मामला सामने आया है, जहां एक पति ने अपनी पत्नी की बेरहमी से हत्या कर दी। बताया जा रहा है कि आरोपी का किसी दूसरी महिला से संबंध था, जिसको लेकर पति-पत्नी के बीच अक्सर विवाद होता रहता था।
घटना बलौदा थाना क्षेत्र की है। मृतका की पहचान ललिता मिरी के रूप में हुई है, जबकि आरोपी उसका पति महेंद्र कुमार मिरी है।
पुलिस के मुताबिक, घटना की रात दोनों के बीच फिर से झगड़ा हुआ, जिसके बाद गुस्से में आकर पति ने पत्नी का गला दबाकर उसकी हत्या कर दी।
हत्या के बाद आरोपी ने मामले को हादसा दिखाने के लिए खौफनाक साजिश रची। उसने बाथरूम में पानी से भरी बाल्टी में इमर्शन रॉड चालू कर शव को उसके पास रख दिया, ताकि करंट लगने से मौत का मामला लगे।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। शुरुआत में आरोपी ने पुलिस को गुमराह करने की कोशिश की, लेकिन कड़ी पूछताछ के बाद उसने अपना जुर्म कबूल कर लिया।
पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है और आगे की कार्रवाई जारी है।



