राज्य

बिहार में पहली नदी जोड़ो परियोजना शुरू, बागमती का पानी बूढ़ी गंडक पहुंचेगा

शिवहर
बिहार के विकास और जल प्रबंधन के इतिहास में रविवार का दिन एक मील का पत्थर साबित हुआ। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने शिवहर जिले में बिहार की पहली नदियों को जोड़ने वाली महत्वाकांक्षी परियोजना का रिमोट का बटन दबाकर भव्य उद्घाटन किया।

सपने हुए साकार
इस ऐतिहासिक उद्घाटन के साथ ही बेलवा डैम से बागमती नदी की कल-कल बहती धाराएं लिंक चैनल के माध्यम से मुजफ्फरपुर के मीनापुर स्थित बूढ़ी गंडक नदी की ओर रवाना हो गईं। इस ऐतिहासिक पल को देखने के लिए भारी संख्या में मंत्री, अधिकारी और स्थानीय जनता मौजूद रही।

करोड़ों की सौगात
मुख्यमंत्री ने 130 करोड़ 88 लाख 57 हजार रुपये की लागत से तैयार हुए बेलवा-मीनापुर लिंक चैनल का फीता काटा। इसके साथ ही उन्होंने कुल 184 करोड़ छह लाख 82 हजार रुपये की विभिन्न विकास योजनाओं का शिलान्यास और उद्घाटन भी किया।

इस अवसर पर जनसभा को संबोधित करते हुए सीएम सम्राट चौधरी ने कहा कि इस परियोजना के शुरू होने से इलाके के विकास को एक नई रफ्तार मिलेगी। उन्होंने भरोसा दिलाया कि अब किसानों के सामने न तो सिंचाई की कोई बाधा होगी और न ही बाढ़ की चुनौती रहेगी।

लाखों को फायदा
शिवहर के अंतिम छोर और पूर्वी चंपारण की सीमा से सटे बेलवा में बना यह डैम शुरू होने से तीन जिलों को सीधा फायदा होगा। शिवहर, सीतामढ़ी और मुजफ्फरपुर के लगभग 50 लाख किसानों की 1.39 लाख हेक्टेयर भूमि के लिए सिंचाई का संकट हमेशा के लिए खत्म हो गया है।

यह परियोजना इलाके को हर साल आने वाली विनाशकारी बाढ़ से भी मुक्ति दिलाएगी। इस नए मैकेनिज्म के तहत बागमती नदी की मुख्य धारा का 40 फीसदी पानी यानी करीब 50 लाख क्यूसेक जल लिंक चैनल के जरिए सीधे बूढ़ी गंडक में डायवर्ट किया जा सकेगा।

अनेक योजनाओं की सौगात
अपने संक्षिप्त दौरे के दौरान सीएम ने स्वास्थ्य, पंचायती राज, शिक्षा और भवन प्रमंडल समेत विभिन्न विभागों की कुल 3493.45 लाख रुपये की 18 योजनाओं का शिलान्यास किया। साथ ही 14913.37 लाख रुपये की 22 अन्य सरकारी योजनाओं का भी उद्घाटन किया।

प्रशासनिक अमला मौजूद
इस वीआईपी कार्यक्रम के दौरान सुरक्षा के कड़े इंतजाम रहे। मौके पर जल संसाधन मंत्री विजय कुमार चौधरी, केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह, मुख्य सचिव प्रत्यय अमृत, डीजीपी विनय कुमार और जिलाधिकारी प्रतिभा रानी सहित एनडीए के कई वरिष्ठ नेता और पूरा प्रशासनिक अमला मौजूद रहा।

 

Leave a Reply

Back to top button