मध्य्प्रदेश

BJP का मिशन 2028 शुरू, 230 नेताओं को जिम्मेदारी, हर विधानसभा में 25 दिन जुटाएंगे फीडबैक

भोपाल 

एमपी में बीजेपी अब संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूत करने में जुटी हुई है. इसके लिए प्रदेशभर में एक बड़ा अभियान भी शुरू करने जा रही है. पार्टी के विधायक और सीनियर नेता अपनी-अपनी विधानसभा क्षेत्र से बाहर निकलकर दूसरे इलाकों में 25 दिनों तक डेरा डालेंगे. इसके लिए दिसंबर महीने से प्रदेशभर में सेवा दूत अभियान चलाया जाएगा. यह अभियान पूरे प्रदेश में 25 दिसंबर तक चलाया जाएगा। 

अभियान की शुरुआत से पहले बीजेपी ने तैयारियां तेज कर दी हैं. कार्यकर्ताओं को उनकी जिम्मेदारियां समझाने और अभियान की रूपरेखा बताने के लिए प्रदेश के तीन संभागों में कार्यशालाएं आयोजित की जा रही हैं. बुधवार को भोपाल में पहली कार्यशाला पूरी हुई. जबकि अगले दो दिनों में जबलपुर और इंदौर में भी ऐसी कार्यशालाएं होंगी. इनमें सेवा दूतों और विधानसभा समन्वयकों को अभियान के उद्देश्य, काम करने के तरीके और तय कार्ययोजना की जानकारी दी जाएगी। 

25 दिसंबर तक अभियान
वहीं बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल ने जानकारी देते हुए बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन में सेवा और समर्पण के 25 साल पूरे होने के अवसर पर यह अभियान शुरू किया जा रहा है. एक से 25 दिसंबर तक प्रदेश की सभी 230 विधानसभा सीटों पर सेवा दूत सक्रिय रहेंगे. प्रत्येक विधानसभा इलाकों में समर्पित कार्यकर्ता को जिम्मेदारी दी जाएगी. वहीं भौगोलिक और ग्रामीण विधानसभा सीटों पर जरूरत के मुताबिक दो कार्यकर्ता भी तैनात किेए जा सकते हैं. इस दौरान अभियान का दायरा प्रदेश के 13,13 मंडलों और 71 बूथों तक रहेगा। 

5 दिन रुककर लेंगे जायजा
बता दें कि सेवा दूत तय विधानसभा इलाके में पहुंचेंगे. जहां पर स्थानीय जरूरतों के हिसाब से सेवा गतिविधियां संचालित करेंगे. साथ ही वे सभी मंडल में 5-5 दिन रुककर संगठन की स्थिति का जायजा लेंगे. इसके अलावा, कार्यकर्ताओं की सक्रियता, बूथों की मजबूती और पार्टी की क्षेत्रीय पहुंच को परखा जाएगा. नेता और सेवा दूत सरकारी योजनाओं के लाभार्थियों से सीधे बातचीत कर उनकी समस्याएं भी जानेंगे. इस जनसंपर्क के जरिए यह समझने की कोशिश की जाएगी कि किन क्षेत्रों में संगठन मजबूत है. कहां पर सुधार की जरूरत है। 

25 दिन का डेली कैलेंडर तैयार
भाजपा ने इस अभियान के लिए 25 दिन का डेली कैलेंडर तैयार किया है। इसमें हर दिन की गतिविधियां और जिम्मेदारियां तय की गई हैं। विशेष परिस्थितियों को छोड़कर सेवा दूत अपनी आवंटित विधानसभा नहीं छोड़ सकेंगे।

अभियान का मकसद सिर्फ सरकारी योजनाओं का प्रचार करना नहीं, बल्कि यह पता लगाना भी है कि योजनाओं का लाभ लोगों तक कितना पहुंच रहा है और जनता के बीच सरकार व संगठन को लेकर क्या प्रतिक्रिया है।

सरकार की स्कीम से संतुष्ट या नाराज फीडबैक लेंगे
इस अभियान में तीन प्रमुख आयामों पर जानकारी जुटाई जाएगी। पहला, विधानसभा क्षेत्र की मौजूदा राजनीतिक और सामाजिक परिस्थितियां कैसी हैं और संगठनात्मक गतिविधियों की स्थिति क्या है।

दूसरा, केंद्र और राज्य सरकार की योजनाएं जमीन पर कितनी प्रभावी हैं और लाभार्थी उनसे कितने संतुष्ट हैं। तीसरा, स्थानीय स्तर पर जनता के बीच कौन-सा नैरेटिव चल रहा है और लोगों की प्रमुख समस्याएं क्या हैं।

अभियान के दौरान सेवा दूत स्थानीय नागरिकों, जनप्रतिनिधियों और योजनाओं के लाभार्थियों से संवाद करेंगे। उनके अनुभव और कहानियां भी संकलित की जाएंगी, ताकि यह पता चल सके कि केंद्र और राज्य सरकार की योजनाओं से लोगों के जीवन में क्या बदलाव आया है।

निगम-मंडलों के अध्यक्षों को भी विधानसभा की जिम्मेदारी
भाजपा ने इस अभियान के लिए निगम-मंडल और बोर्ड के अध्यक्षों व उपाध्यक्षों को भी जिम्मेदारी दी है। राज्यसभा सांसद माया नारोलिया, भोपाल की दक्षिण-पश्चिम विधानसभा के विधायक भगवानदास सबनानी, नरयावली विधायक प्रदीप लारिया और पूर्व सांसद अशोक अर्गल सहित कई वरिष्ठ नेताओं को अलग-अलग विधानसभा क्षेत्रों में सेवा दूत बनाया गया है।

कुछ जिला अध्यक्षों को भी अपने जिले के बजाय दूसरे जिले की विधानसभा की जिम्मेदारी सौंपी गई है। सेवा दूतों को पांच मंडलों में जाकर कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों के साथ बैठकें करनी होंगी। इसके अलावा शक्ति केंद्र स्तर पर भी लोगों से बातचीत करनी होगी। अभियान से स्थानीय प्रभावशाली लोगों और सोशल मीडिया पर कंटेंट बनाने वालों को भी जोड़ने की योजना है।

विकसित भारत यात्रा में स्थानीय विकास कार्यों का भी होगा प्रचार
अभियान के तहत 'विकसित भारत यात्रा' भी निकाली जाएगी। इसमें सेवा दूत विधानसभा क्षेत्र के प्रमुख विकास कार्यों और स्थलों का दौरा करेंगे। इसका मकसद क्षेत्र में हुए विकास कार्यों को लोगों के सामने लाना और उनका रिकॉर्ड तैयार करना है।

इसके लिए विधानसभा क्षेत्र की प्रमुख सड़कें, रेलवे स्टेशन, अस्पताल और जल परियोजनाओं जैसे स्थानों को चुना जाएगा। स्थानीय प्रभावशाली लोगों और सोशल मीडिया पर कंटेंट बनाने वालों को भी इस यात्रा में शामिल होने के लिए बुलाया जाएगा।

यात्रा का रास्ता और कार्यक्रम तय करने में उनकी मदद ली जाएगी। इस दौरान सेवा दूत स्थानीय लोगों और सरकारी योजनाओं के लाभार्थियों से बातचीत करेंगे। कंटेंट क्रिएटर्स को विकास कार्यों पर पोस्ट और वीडियो बनाने के लिए प्रोत्साहित किया जाएगा। इन पोस्ट और वीडियो को पार्टी और नेताओं के सोशल मीडिया अकाउंट पर भी शेयर किया जाएगा।

अभियान का क्या मकसद?
इतना ही नहीं, सेवा दूत अभियान के दौरान जुटाई गई जानकारी और स्थानीय लोगों से मिले फीडबैक की रिपोर्ट सीधे संगठन को सौंपनी होगी. इसके आधार पर पार्टी कमजोर बूथों और संगठनात्मक कमियों की पहचान कर उन्हें मजबूत करने की रणनीति तैयार करेगी. वहीं प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल ने बताया कि इस अभियान का मकसद सिर्फ सेवा गतिविधियां करना नहीं, बल्कि सेवा, जनसंपर्क और संगठन विस्तार को एक साथ आगे बढ़ाना है. पार्टी की कोशिश है कि 25 दिनों के इस अभियान के माध्यम से हर विधानसभा क्षेत्र में कार्यकर्ताओं की सक्रियता बढ़े. साथ ही जमीनी पकड़ और मजबूत हो सके। 

Leave a Reply

2

Back to top button