कवर्धा। शहर के मुख्य बाजार में सोमवार देर रात उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब एक कपड़ा दुकान में अचानक भीषण आग लग गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और पूरी तीन मंजिला इमारत को अपनी चपेट में ले लिया। आग की ऊंची-ऊंची लपटें और धुएं का गुबार दूर तक दिखाई देने लगा, जिससे बाजार क्षेत्र में हड़कंप मच गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार आग इतनी तेजी से फैली कि दुकान के भीतर रखा सामान बाहर निकालने का मौका तक नहीं मिल सका। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय लोगों ने पुलिस और अग्निशमन विभाग को जानकारी दी। मौके पर पहुंची फायर ब्रिगेड की टीम ने घंटों की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया, लेकिन तब तक पूरी तीन मंजिला दुकान जलकर राख हो चुकी थी।
आगजनी की इस घटना में दुकान में रखा कपड़ा, फर्नीचर और अन्य कीमती सामान पूरी तरह नष्ट हो गया। प्रारंभिक अनुमान के मुताबिक व्यापारी को लाखों रुपये का नुकसान हुआ है।
पीड़ित व्यापारी नदीम अंसारी ने बताया कि वह रात करीब साढ़े नौ बजे दुकान बंद कर घर लौटे थे। कुछ समय बाद उन्हें फोन पर दुकान में आग लगने की सूचना मिली। मौके पर पहुंचने पर उन्होंने देखा कि पूरा प्रतिष्ठान आग की चपेट में था और आग तेजी से फैल रही थी।
फिलहाल आग लगने के कारणों का पता नहीं चल पाया है। हालांकि प्रारंभिक तौर पर शॉर्ट सर्किट की आशंका जताई जा रही है। पुलिस और संबंधित विभाग मामले की जांच में जुटे हुए हैं। घटना के बाद देर रात तक राहत और बचाव कार्य जारी रहा तथा बाजार क्षेत्र में लोगों की भारी भीड़ जमा रही।



