बिलासपुर। न्यायधानी बिलासपुर में युवक की हत्या का सनसनीखेज मामला सामने आया है। सिरगिट्टी थाना क्षेत्र में आरोपियों ने ओम लहरे पर चाकू से हमला कर उसकी हत्या कर दी। वारदात के बाद शव को फदहाखार-महमंद बाईपास के पास फेंककर आरोपी फरार हो गए।
जानकारी के अनुसार, मृतक और आरोपियों के बीच पहले से किसी बात को लेकर विवाद और रंजिश थी। इसी के चलते आरोपियों ने मौका पाकर ओम लहरे के साथ मारपीट की और उस पर चाकू से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। गंभीर चोट लगने से उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
बाईपास के पास मिला शव
घटना के बाद शव को बाईपास के पास ठिकाने लगा दिया गया। स्थानीय लोगों से सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची। घटनास्थल पर फोरेंसिक टीम को भी बुलाया गया। जांच के दौरान सड़क पर खून के निशान समेत कई अहम साक्ष्य मिले हैं।
पुलिस ने कार्रवाई करते हुए एक संदिग्ध को हिरासत में लिया है। उसे मामले का मुख्य आरोपी बताया जा रहा है। पुलिस उससे पूछताछ कर रही है और वारदात में शामिल अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।
पुरानी रंजिश में हत्या की आशंका
प्रारंभिक जांच में हत्या के पीछे आपसी रंजिश की बात सामने आ रही है। हालांकि, हत्या की असली वजह और वारदात का पूरा घटनाक्रम पुलिस जांच के बाद ही स्पष्ट होगा। फिलहाल सिरगिट्टी पुलिस मामले की जांच में जुटी है।



