कोरबा। छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले में शराब की लत और पारिवारिक विवाद के बाद 22 वर्षीय युवक ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना मानिकपुर पुलिस चौकी क्षेत्र के कदमहाखार बस्ती की है। युवक की मौत के बाद परिवार में मातम पसरा हुआ है।
जानकारी के मुताबिक, मृतक की पहचान अमित कुजूर (22) के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि अमित शराब का आदी था और अक्सर नशे की हालत में घर पहुंचता था। शनिवार शाम भी वह शराब के नशे में घर आया और माता-पिता से शराब के लिए पैसे मांगने लगा। पैसे नहीं मिलने पर उसने गाली-गलौज और विवाद शुरू कर दिया।
शराब के लिए पैसे नहीं मिलने पर घर में तोड़फोड़
परिजनों के अनुसार, विवाद बढ़ने पर अमित मारपीट पर उतारू हो गया और घर में रखी वॉशिंग मशीन, सिलाई मशीन समेत अन्य सामानों में तोड़फोड़ करने लगा। बेटे के व्यवहार से परेशान होकर माता-पिता मानिकपुर चौकी पहुंचे और पुलिस को घटना की जानकारी दी।
पुलिस के लौटने के कुछ घंटे बाद मिली लाश
शिकायत मिलने के बाद पुलिस अमित के घर पहुंची। उस दौरान अमित ने खुद को कमरे के अंदर बंद कर लिया था। पुलिस ने काफी देर तक उसे समझाने की कोशिश की। स्थिति सामान्य लगने पर पुलिस वापस लौट गई।
इसके कुछ घंटे बाद रात करीब 8 बजे परिजनों को कमरे के अंदर से कोई आवाज नहीं सुनाई दी। अनहोनी की आशंका होने पर उन्होंने पड़ोस के एक युवक की मदद ली। युवक घर के पीछे की दीवार फांदकर अंदर पहुंचा और दरवाजा खोला। अंदर अमित फंदे पर लटका मिला।
घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू की। युवक ने यह कदम क्यों उठाया, इसकी परिस्थितियों की जांच की जा रही है।



