बेमेतरा। छत्तीसगढ़ के बेमेतरा जिले में सोमवार सुबह बच्चों से भरी स्कूल बस अनियंत्रित होकर खेत में पलट गई। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। बस में करीब 17 से 18 बच्चे सवार थे, जिनमें कई बच्चों को चोटें आई हैं।
जानकारी के अनुसार, ज्ञानोदय पब्लिक स्कूल की बस क्रमांक CG 25 A 0218 बच्चों को लेकर जा रही थी। इसी दौरान सिंघपुर-झाल मार्ग पर खड़सरा और झाल के बीच बस अचानक अनियंत्रित होकर पलट गई।
हादसे के बाद आसपास मौजूद ग्रामीण मौके पर पहुंचे और ड्राइवर-कंडक्टर की मदद से बस में फंसे बच्चों को बाहर निकाला। इसके बाद घायल बच्चों को इलाज के लिए निजी अस्पतालों में भर्ती कराया गया।
घटना के बाद स्कूल बसों की सुरक्षा व्यवस्था और बच्चों की सुरक्षित परिवहन व्यवस्था पर सवाल उठने लगे हैं। फिलहाल हादसे के कारणों की जानकारी सामने नहीं आई है।



