छत्तीसगढ़

45 करोड़ के नकली नोटों की डील में 1.13 करोड़ की ठगी, रायपुर का कारोबारी फंसा..

रायपुर। राजधानी में नकली नोटों की बड़ी खेप के लालच में कारोबारी से 1.13 करोड़ रुपये की ठगी का मामला सामने आया है। आरोपियों ने कारोबारी को करीब 45 करोड़ रुपये के नकली नोट देने का झांसा दिया था। रकम लेने के बाद आरोपी लगातार डिलीवरी के नाम पर बहाने बनाते रहे, लेकिन नकली नोट नहीं दिए और पैसे भी वापस नहीं किए।

मामला तेलीबांधा थाना क्षेत्र का है। जानकारी के मुताबिक, कारोबारी सोशल मीडिया पर एक वीडियो देखने के बाद आरोपियों के संपर्क में आया था। आरोपियों ने दावा किया कि उनके पास बड़ी मात्रा में नकली नोट उपलब्ध हैं और 1.13 करोड़ रुपये के बदले 45 करोड़ रुपये के नकली नोट देने का सौदा किया।

होटल में हुई कई बैठकें

सौदे को अंतिम रूप देने के लिए रायपुर के तेलीबांधा इलाके के अलग-अलग होटलों में बैठकें हुईं। इसके बाद कारोबारी को महाराष्ट्र के अलग-अलग स्थानों पर भी बुलाया गया। आरोपियों ने अलग-अलग बहाने बनाकर कथित तौर पर कुल 1.13 करोड़ रुपये ले लिए।

रकम लेने के बाद आरोपी नकली नोटों की खेप पहुंचाने, सुरक्षा व्यवस्था और डिलीवरी से जुड़ी बातें कहकर समय टालते रहे। काफी समय बीतने के बाद भी जब न तो नकली नोट मिले और न ही रकम वापस हुई, तो कारोबारी को ठगी का एहसास हुआ।

नकली नोटों के नेटवर्क की भी जांच

शिकायत के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस ठगी और नकली नोटों के कथित नेटवर्क, दोनों एंगल से जांच कर रही है।

जांच टीम होटल की CCTV फुटेज, मोबाइल कॉल डिटेल, बैंक और नकद लेन-देन, यात्रा से जुड़े दस्तावेज समेत महाराष्ट्र में हुई मुलाकातों की जानकारी जुटा रही है। पुलिस यह भी पता लगाने में जुटी है कि इस मामले में और कितने लोग शामिल हैं और क्या आरोपियों ने इसी तरीके से अन्य लोगों को भी निशाना बनाया है।

Leave a Reply

Back to top button