अंबिकापुर। सीतापुर विधानसभा क्षेत्र के विधायक रामकुमार टोप्पो को जाति प्रमाण पत्र से जुड़े मामले में बड़ी राहत मिली है। वर्ष 2023 के विधानसभा चुनाव के दौरान उनके जाति प्रमाण पत्र को लेकर की गई शिकायत पर करीब ढाई साल तक चली जांच के बाद जांच समिति ने आरोपों को निराधार मानते हुए प्रकरण खारिज कर दिया है।
हाईकोर्ट के निर्देश पर हुई थी जांच
यह मामला 2023 विधानसभा चुनाव के दौरान सामने आया था। शिकायत के बाद हाईकोर्ट के निर्देश पर रायगढ़ जिला प्रशासन ने जांच समिति का गठन किया था। समिति ने संबंधित पक्षों से दस्तावेज और जानकारी जुटाकर मामले की विस्तृत जांच की।
जांच के दौरान शिकायतकर्ताओं की ओर से आरोपों के समर्थन में कोई ठोस दस्तावेजी या प्रमाणिक साक्ष्य प्रस्तुत नहीं किए जा सके। इसके आधार पर समिति ने शिकायत को निराधार माना और विधायक के जाति प्रमाण पत्र को सही पाया।
MLA टोप्पो ने कहा- सच्चाई की जीत हुई
जांच रिपोर्ट आने के बाद विधायक रामकुमार टोप्पो ने कहा कि उन्होंने पूरी जांच प्रक्रिया में प्रशासन का सहयोग किया। उन्होंने कहा कि उन्हें शुरू से विश्वास था कि जांच के बाद सच्चाई सामने आएगी। विधायक ने आरोप लगाया कि राजनीतिक विरोधियों की ओर से उनके जाति प्रमाण पत्र को लेकर शिकायत की गई थी।
आगे चुनौती का रास्ता खुला
फिलहाल जांच समिति की रिपोर्ट से विधायक को राहत मिली है। हालांकि, यदि शिकायतकर्ता पक्ष इस निर्णय को चुनौती देता है, तो आगे की कार्रवाई न्यायिक प्रक्रिया के तहत हो सकती है।



