बिलासपुर। छत्तीसगढ़ के बिलासपुर जिले में एक किन्नर की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत के बाद सनसनी फैल गई। सकरी थाना क्षेत्र के जॉकी गांव में पिकनिक मनाने के दौरान हुए विवाद के बाद किन्नर तनु खान का शव सड़क किनारे मिला। पुलिस ने हत्या के एंगल से जांच शुरू करते हुए कई लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, तनु खान अपने साथियों के साथ जॉकी गांव में पिकनिक मनाने गई थी। इसी दौरान एक अन्य किन्नर से उसका विवाद हो गया। बताया जा रहा है कि विवाद बढ़ने के बाद मामला सड़क किनारे तक पहुंच गया। कुछ देर बाद तनु खान का शव सड़क किनारे मिला।
घटना की सूचना मिलते ही सकरी थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस के मुताबिक, मृतका के गले पर दबाव के निशान मिले हैं, जबकि नाक से खून निकलने की बात भी सामने आई है। इन परिस्थितियों को देखते हुए पुलिस हत्या की आशंका के आधार पर मामले की जांच कर रही है।
पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए सिम्स अस्पताल भेज दिया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद मौत की वास्तविक वजह स्पष्ट हो सकेगी। वहीं, पुलिस ने मामले में कई संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है और घटनास्थल से मिले साक्ष्यों के आधार पर जांच आगे बढ़ाई जा रही है।
घटना की जानकारी मिलते ही बिलासपुर और आसपास के क्षेत्रों से किन्नर समुदाय के लोग सिम्स अस्पताल पहुंचे। समुदाय ने मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।
फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और पूछताछ के बाद ही हत्या की पूरी कहानी और आरोपियों की भूमिका स्पष्ट हो सकेगी।



