छत्तीसगढ। हैदराबाद से एक चिंताजनक खबर सामने आई है। काम की तलाश में अपने परिवारों के साथ हैदराबाद आई छत्तीसगढ़ की तीन नाबालिग लड़कियां रहस्यमय परिस्थितियों में लापता हो गई हैं।
जानकारी के मुताबिक, तीनों लड़कियां हैदराबाद के माहौल में खुद को असहज महसूस कर रही थीं और लगातार अपने घर लौटने की इच्छा जता रही थीं। रविवार देर रात वे चुपचाप अपना सामान लेकर घर से निकल गईं।
सीसीटीवी फुटेज में तीनों लड़कियां हिमायतनगर से ऑटो लेकर सिकंदराबाद रेलवे स्टेशन जाती हुई दिखाई दी हैं। शुरुआती जांच में यह भी सामने आया है कि उन्होंने छत्तीसगढ़ जाने वाली ट्रेनों की जानकारी जुटाई थी। हालांकि, हैदराबाद से उनके गांव के लिए सीधी ट्रेन नहीं होने के कारण पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि वे किस ट्रेन में सवार हुईं।
लापता लड़कियों की पहचान 17 वर्षीय शिल्पा कुमारी और दो बहनों 14 वर्षीय लता और स्नेहा के रूप में हुई है। तीनों अपने मजदूर माता-पिता के साथ फरीद बस्ती में रह रही थीं।
मामले की गंभीरता को देखते हुए हैदराबाद पुलिस ने विशेष टीमों का गठन किया है। सीसीटीवी फुटेज की जांच के साथ रेलवे अधिकारियों, पड़ोसी जिलों और छत्तीसगढ़ पुलिस के सहयोग से तीनों की तलाश तेज कर दी गई है।
पुलिस ने लोगों से अपील की है कि यदि किसी को इन लड़कियों के बारे में कोई जानकारी मिले तो तुरंत नजदीकी पुलिस स्टेशन को सूचित करें। तीनों की सुरक्षित बरामदगी के लिए लगातार प्रयास जारी हैं।



