छत्तीसगढ़

बर्थडे पर मिला मौत का गिफ्ट! नाबालिग प्रेमी ने पत्थर से कुचलकर की प्रेमिका की हत्या..

महासमुंद। छत्तीसगढ़ के महासमुंद जिले में एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है। खल्लारी थाना क्षेत्र में जन्मदिन के बहाने मिलने बुलाकर एक नाबालिग युवक ने अपनी बालिग प्रेमिका की कथित तौर पर पत्थर से सिर कुचलकर हत्या कर दी। पुलिस जांच में सामने आया कि युवती आरोपी पर शादी का दबाव बना रही थी, जिससे परेशान होकर उसने वारदात को अंजाम दिया।

पुलिस के अनुसार, युवती 19 जून को अपने जन्मदिन की रात घर से कपड़े लेकर प्रेमी के साथ भागने के इरादे से निकली थी। दोनों की मुलाकात के दौरान आरोपी ने पहले युवती से संबंध बनाए, फिर उसे “सरप्राइज गिफ्ट” देने के बहाने आंखें बंद करने को कहा। जैसे ही युवती ने आंखें बंद कीं, आरोपी ने पत्थर से उसके सिर पर हमला कर दिया। गंभीर चोटों से उसकी मौके पर ही मौत हो गई। आरोपी ने शव को रेत में दबाकर फरार होने की कोशिश की।

दो दिन बाद झारा नाला क्षेत्र में रेत में दबा शव मिलने पर पुलिस ने जांच शुरू की। कॉल डिटेल, तकनीकी साक्ष्य और घटनास्थल से मिले सबूतों के आधार पर पुलिस नाबालिग आरोपी तक पहुंची। पूछताछ में उसने अपना जुर्म कबूल कर लिया। पुलिस ने उसे बाल न्यायालय में पेश कर बाल संप्रेक्षण गृह भेज दिया है।

इसी जिले के पटेवा थाना क्षेत्र में एक अन्य ऑनर किलिंग के मामले का भी खुलासा हुआ है। पुलिस ने अंतरजातीय प्रेम विवाह से नाराज पिता को गुजरात के सूरत से गिरफ्तार किया है। जांच में सामने आया कि पिता ने अपने भाइयों के साथ मिलकर बेटी की हत्या की साजिश रची थी।

Leave a Reply

Back to top button