सूरजपुर। छत्तीसगढ़ के सूरजपुर जिला अस्पताल में प्रसव से पहले गर्भवती महिला और गर्भस्थ शिशु की मौत का मामला सामने आने के बाद हड़कंप मच गया है। परिजनों ने स्वास्थ्य विभाग पर गंभीर लापरवाही का आरोप लगाते हुए दोषियों पर कार्रवाई की मांग की है। मामले को गंभीरता से लेते हुए मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी (CMHO) ने जांच के आदेश जारी कर दिए हैं।
जानकारी के अनुसार, रामनगर निवासी पूजा मानिकपुरी (19 वर्ष) को मंगलवार सुबह प्रसव पीड़ा होने पर जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया था। महिला को मातृ-शिशु वार्ड में ऑपरेशन की तैयारी के लिए रखा गया था। इसी दौरान उसकी और गर्भ में पल रहे शिशु की मौत हो गई।
मृतका के पति सूरज मानिकपुरी का आरोप है कि ऑपरेशन से पहले लगाए गए इंजेक्शन के बाद उसकी पत्नी की तबीयत बिगड़ गई और कुछ ही देर में मां और शिशु दोनों की मौत हो गई। घटना के बाद आक्रोशित परिजनों ने सीएमएचओ कार्यालय के बाहर प्रदर्शन कर निष्पक्ष जांच और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की।
मामले में जिला प्रशासन ने संज्ञान लेते हुए जांच शुरू कर दी है। CMHO ने पोस्टमार्टम के लिए तीन सदस्यीय टीम तथा पूरे घटनाक्रम की जांच के लिए चार सदस्यीय अलग समिति का गठन किया है। अधिकारियों का कहना है कि जांच रिपोर्ट आने के बाद तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
फिलहाल पुलिस और स्वास्थ्य विभाग मामले के सभी पहलुओं की जांच कर रहे हैं। जांच पूरी होने तक मौत के कारणों की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।



