छत्तीसगढ़

गांजा तस्कर को पकड़ने गई रायपुर पुलिस पर हमला, 53 लोगों पर FIR..

रायपुर/कौशांबी। छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर से वारंट तामील कराने उत्तर प्रदेश के कौशांबी पहुंचे पुलिसकर्मियों पर हुए हमले के मामले में बड़ी कार्रवाई शुरू हो गई है। घायल आरक्षक की शिकायत पर कौशांबी पुलिस ने 53 आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज किया है। पुलिस ने अब तक 5 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि अन्य की तलाश में लगातार दबिश दी जा रही है।

जानकारी के मुताबिक रायपुर के गंज थाना क्षेत्र में दर्ज गांजा तस्करी के एक मामले में फरार आरोपी शिवम केशरवानी और आकाश उर्फ मास्टर के खिलाफ विशेष एनडीपीएस न्यायालय ने गिरफ्तारी वारंट जारी किया था। वारंट की तामील के लिए रायपुर पुलिस की टीम कौशांबी पहुंची थी।

पुलिस टीम ने पहले एक आरोपी को गिरफ्तार किया और फिर मुख्य आरोपी शिवम केशरवानी की तलाश में इचौली गांव पहुंची। इसी दौरान आरोपी के परिजनों और ग्रामीणों ने पुलिसकर्मियों को चोर बताकर हंगामा शुरू कर दिया। देखते ही देखते बड़ी संख्या में लोग लाठी-डंडों के साथ मौके पर पहुंच गए और रायपुर पुलिस टीम को घेर लिया।

आरोप है कि हमलावरों ने पुलिसकर्मियों के साथ मारपीट की और जान से मारने की धमकी दी। हमले में आरक्षक जगदेव प्रसाद वर्मा गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें पहले स्थानीय अस्पताल और बाद में गंभीर हालत में प्रयागराज रेफर किया गया।

कौशांबी पुलिस ने घायल जवान की शिकायत पर 53 लोगों के खिलाफ विभिन्न धाराओं में केस दर्ज किया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है और दोषियों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा।

इस घटना के बाद पुलिस महकमे में भी नाराजगी है। अधिकारियों का कहना है कि कानून का पालन कराने गई टीम पर हमला करना बेहद गंभीर अपराध है और इसमें शामिल सभी लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Back to top button