छत्तीसगढ़

रायपुर में होर्डिंग पोल से लटका मिला युवक का शव, सिर पर चोट के निशान से मचा हड़कंप..

रायपुर। राजधानी रायपुर के पंडरी थाना क्षेत्र में मंगलवार सुबह एक युवक का शव होर्डिंग पोल से लटका मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। शव एक कार शोरूम के पास मिला है। मृतक की पहचान फिलहाल नहीं हो पाई है। प्रारंभिक जांच में युवक के सिर पर चोट के निशान भी मिले हैं, जिसके चलते पुलिस मामले को संदिग्ध मानकर जांच कर रही है।

जानकारी के मुताबिक, सुबह स्थानीय लोगों ने होर्डिंग पोल पर गमछे के सहारे एक युवक का शव लटका देखा। इसके बाद मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई और पुलिस को सूचना दी गई। सूचना मिलते ही पंडरी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल को सुरक्षित कर जांच शुरू की।

फोरेंसिक टीम ने जुटाए साक्ष्य

मामले की गंभीरता को देखते हुए फोरेंसिक टीम को भी घटनास्थल पर बुलाया गया है। टीम द्वारा मौके से जरूरी साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं। पुलिस पंचनामा कार्रवाई के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजेगी।

प्रारंभिक जांच में मृतक की उम्र करीब 35 वर्ष होने का अनुमान लगाया जा रहा है। हालांकि, अभी तक उसकी पहचान नहीं हो सकी है।

हत्या या आत्महत्या? जांच में जुटी पुलिस

युवक के सिर पर चोट के निशान मिलने के कारण पुलिस सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है। फिलहाल यह स्पष्ट नहीं है कि युवक ने आत्महत्या की है या उसकी मौत के पीछे कोई अन्य कारण है।

पुलिस आसपास लगे CCTV कैमरों के फुटेज खंगालेगी, ताकि युवक की पहचान और घटनास्थल तक पहुंचने से जुड़ी जानकारी सामने आ सके। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही मौत की वास्तविक वजह स्पष्ट हो सकेगी।

Leave a Reply

Back to top button