छत्तीसगढ़

जिला अस्पताल में ब्लड नहीं मिलने से युवती की मौत, कांग्रेस और एबीवीपी ने की दोषियों पर कार्रवाई की मांग..

दुर्ग। जिला अस्पताल में इलाज के दौरान ब्लड नहीं मिलने से सिकलसेल पीड़ित युवती की मौत के मामले ने अब राजनीतिक रूप ले लिया है। घटना के बाद कांग्रेस और एबीवीपी दोनों ने अस्पताल प्रबंधन और जिम्मेदार अधिकारियों पर कार्रवाई की मांग तेज कर दी है।

परिजनों का आरोप है कि डॉक्टरों ने युवती को तत्काल ब्लड चढ़ाने की सलाह दी थी, लेकिन ब्लड डिपार्टमेंट ने ब्लड उपलब्ध कराने से इंकार कर दिया। आर्थिक रूप से कमजोर परिवार समय पर डोनर की व्यवस्था नहीं कर सका, जिसके चलते युवती की मौत हो गई।

मामले के तूल पकड़ने के बाद कांग्रेस जिला अध्यक्ष और पूर्व महापौर धीरज बाकलीवाल ने पीड़ित परिवार को मुआवजा देने और दोषियों पर कार्रवाई की मांग की है। वहीं एबीवीपी कार्यकर्ताओं ने जिला अस्पताल पहुंचकर जमकर नारेबाजी की और सिविल सर्जन से इस्तीफे की मांग उठाई।

बढ़ते विवाद के बीच कलेक्टर अभिजीत सिंह ने जांच कमेटी गठित कर दी है। अपर कलेक्टर योगिता देवांगन और सीएमएचओ मनोज दानी को पूरे मामले की जांच सौंपी गई है। जांच रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।

इस घटना के बाद जिला अस्पताल की व्यवस्थाओं और स्वास्थ्य सेवाओं पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं।

Leave a Reply

Back to top button