छत्तीसगढ़

सरगुजा में पति बना हैवान, पत्नी की हत्या कर मौके से फरार..

सरगुजा | जिले के ट्रांसपोर्ट नगर कदमपारा इलाके में पति-पत्नी के रिश्ते को शर्मसार कर देने वाली घटना सामने आई है। यहां एक पति ने कथित तौर पर शराब के नशे में अपनी पत्नी की बेरहमी से हत्या कर दी। घटना मणिपुर थाना क्षेत्र की बताई जा रही है। मंगलवार सुबह महिला की अर्धनग्न हालत में घर के अंदर लाश मिलने से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। आसपास के लोगों ने जब घर का दरवाजा खुला देखा तो अंदर का नजारा देखकर दंग रह गए और तुरंत पुलिस को सूचना दी।

जानकारी के मुताबिक, सोमवार रात पति-पत्नी घर में साथ थे। सुबह महिला मृत अवस्था में मिली, जबकि आरोपी पति मौके से फरार था। शुरुआती जांच में पुलिस हत्या की आशंका जता रही है। मौके पर पहुंची पुलिस ने पंचनामा कार्रवाई कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। वहीं फरार आरोपी की तलाश में पुलिस लगातार दबिश दे रही है।

इस दर्दनाक घटना के बाद परिवार में मातम पसरा हुआ है। महिला की मौत से दो मासूम बच्चों के सिर से मां का साया उठ गया। इलाके के लोग घटना को लेकर स्तब्ध हैं। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद मामले में आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Back to top button