बस्तर। लोक निर्माण विभाग के सचिव मुकेश कुमार बंसल ने सोमवार को कोंडागांव में विभागीय अधिकारियों और ठेकेदारों की समीक्षा बैठक लेकर बीजापुर, दंतेवाड़ा और कोंडागांव जिलों में चल रहे सड़क और पुल निर्माण कार्यों की प्रगति की जानकारी ली। उन्होंने सभी निर्माण कार्यों को तय समय-सीमा में तेजी से पूरा करने के निर्देश दिए।
बैठक में बंसल ने कहा कि बरसात के दौरान सड़क संपर्क से कट जाने वाले गांवों के लिए बारहमासी सड़कें और पुल-पुलियों का निर्माण प्राथमिकता के आधार पर किया जाए। उन्होंने अधिकारियों को ऐसे प्रस्ताव जल्द शासन को भेजने के निर्देश दिए।
PWD सचिव ने अधिकारियों को किसी भी ठेकेदार का भुगतान लंबित नहीं रखने तथा कार्य के अनुसार हर महीने भुगतान सुनिश्चित करने को कहा। साथ ही ठेकेदारों से निर्माण कार्यों में आने वाली समस्याओं की जानकारी साझा करने और उनका त्वरित समाधान करने के निर्देश भी दिए गए।
उन्होंने कहा कि नक्सलमुक्त हो रहे बस्तर के दूरस्थ इलाकों में अब विकास कार्यों को और गति देने की जरूरत है। चालू वित्तीय वर्ष में स्वीकृत द्रुतगामी सड़कों के निर्माण के लिए 15 अगस्त तक इस्टीमेट भेजने को कहा गया है।
बंसल ने गुणवत्ताहीन कार्य करने वाले ठेकेदारों पर सख्ती बरतने के निर्देश देते हुए कहा कि खराब काम करने वालों को ब्लैकलिस्ट, डिग्रेड या टर्मिनेट किया जाए। उन्होंने निर्माण सामग्री की गुणवत्ता पर विशेष ध्यान देने और भवन निर्माण में उच्च गुणवत्ता के संसाधनों का उपयोग सुनिश्चित करने को कहा।
बैठक के बाद PWD सचिव ने जगदलपुर में इंद्रावती नदी पर निर्माणाधीन खड़कघाट पुल का निरीक्षण भी किया। राष्ट्रीय राजमार्ग-30 पर 44 करोड़ रुपये से अधिक की लागत से बन रहे इस पुल को समय-सीमा में पूरा करने के निर्देश अधिकारियों और ठेकेदारों को दिए गए।



