छत्तीसगढ़

CG- पूर्व जिला पंचायत सदस्य के बेटे का मिला शव, हत्या की आशंका..

खैरागढ़। खैरागढ़ से डोंगरगढ़ रोड पर ग्राम कुम्ही में एक 24 वर्षीय युवक का शव बीच सड़क पर मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई है। शव देखकर रास्ते से गुजर रहे लोगों ने पुलिस को सूचना दी। पुलिस मौके पर पहुंचकर मामले की जांच में जुट गई है। हत्या की आशंका जताई जा रही है। शव का फोटो सोशल मीडिया पर भी वायरल किया।

मृत युवक की पहचान आमाघाट निवासी 24 वर्षीय उत्तम वर्मा के रूप में हुई है। उत्तम की माता पूर्व में जिला पंचायत सदस्य रह चुकी है और उसके पिता बल्ला वर्मा भी सक्रिय रूप से राजनीति से जुड़े हैं।

मिली जानकारी के अनुसार, उत्तम कल सुबह से अपने घर आमाघाट से निकला था। रात भर घर नहीं आया। सुबह सोशल मीडिया पर लाश की फोटो देख परिजनों को उत्तम की मौत के बारे में पता चला, जिसके बाद वे कुम्ही पहुंचे।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और फारेंसिक की टीम भी मौके पर पहुंची। फिलहाल उत्तम की मौत का कारण अभी स्पष्ट नहीं हो पाई है, लेकिन सड़क पर मिली संदिग्ध लाश से उत्तम की हत्या के कयास लगाए जा रहे हैं। फिलहाल पुलिस ने शव को पंचनामा के लिए भेज दिया है और कई एंगलों पर मामले की जांच शुरू कर दी है। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट और फारेंसिक टीम की जांच रिपोर्ट आने के बाद मामले का खुलासा हो पाएगा।

Leave a Reply

Back to top button