रायपुर। राजधानी रायपुर के डीडी नगर थाना क्षेत्र स्थित शासकीय पंडित गिरजाशंकर मिश्र हायर सेकेंडरी स्कूल (धरसीवा) में प्रवेशोत्सव कार्यक्रम के दौरान कुछ युवकों द्वारा स्कूल परिसर में घुसकर हंगामा, मारपीट और तोड़फोड़ करने का मामला सामने आया है। घटना के बाद स्कूल प्राचार्य की शिकायत पर पुलिस ने नामजद आरोपियों समेत अन्य लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, 3 जुलाई को दोपहर करीब 12 से 1 बजे के बीच सुजल गुप्ता, संकल्प राज कमल, आशीष सिन्हा, मन साहू, मोक्ष कुमार और उनके 10 से 12 साथी स्कूल परिसर में पहुंचे। उस समय स्कूल में प्रवेशोत्सव कार्यक्रम चल रहा था। आरोप है कि सभी ने कार्यक्रम के दौरान नारेबाजी करते हुए हंगामा शुरू कर दिया।
स्कूल प्रशासन ने उन्हें परिसर से बाहर जाने के लिए कहा, लेकिन वे नहीं माने। आरोपियों ने स्कूल भवन के भीतर लगे अग्निशमन यंत्र को उखाड़ने की कोशिश की और शिक्षकों व कर्मचारियों के साथ धक्का-मुक्की की। विरोध करने पर स्टाफ से मारपीट की गई तथा महिला कर्मचारियों के साथ भी अभद्र व्यवहार किया गया। बीच-बचाव करने पहुंचे अन्य कर्मचारियों को भी धमकियां देने का आरोप है।
प्राचार्य ने अपनी शिकायत में बताया कि इस घटना से स्कूल का शैक्षणिक माहौल प्रभावित हुआ और सरकारी कार्य में बाधा उत्पन्न हुई। शिकायत के आधार पर डीडी नगर थाना पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की विभिन्न धाराओं के तहत अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस का कहना है कि मामले की जांच जारी है। घटनास्थल पर मौजूद शिक्षकों, कर्मचारियों और अन्य प्रत्यक्षदर्शियों के बयान लिए जा रहे हैं। जांच के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।



