छत्तीसगढ़

नशे में बवाल, फिर मर्डर: पार्टी में युवक की दर्दनाक मौत, आरोपी फरार..

कोरबा। छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले में एक ट्रांसपोर्टर की बर्थडे पार्टी उस वक्त मातम में बदल गई, जब शराब के नशे में शुरू हुआ विवाद खूनी वारदात में बदल गया। आरोप है कि एक युवक ने कैंपर वाहन से दूसरे युवक को कुचल दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद आरोपी वाहन सहित फरार हो गया। पुलिस उसकी तलाश में जुटी है।

जानकारी के अनुसार, उरगा थाना क्षेत्र स्थित मीरा रिजॉर्ट में शुक्रवार देर रात ट्रांसपोर्टर विकास कुमार हुडा का जन्मदिन मनाया जा रहा था। पार्टी में करीब 20 से 25 युवक शामिल थे। देर रात करीब 1:30 बजे नाच-गाने और शराब पार्टी के दौरान किसी बात को लेकर युवकों के बीच विवाद शुरू हो गया। देखते ही देखते कहासुनी मारपीट में बदल गई।

इसी दौरान आरोप है कि दीपका के गरुणनगर निवासी उज्जवल सिंह को आरोपी तुषार ढांढा ने कैंपर वाहन से कुचल दिया। गंभीर चोट लगने से उज्जवल सिंह की मौके पर ही मौत हो गई। वारदात के बाद आरोपी कैंपर वाहन लेकर घटनास्थल से फरार हो गया।

घटना की सूचना मिलते ही उरगा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि पार्टी में शराब के नशे के कारण विवाद बढ़ा और मामला हत्या तक पहुंच गया।

फिलहाल पुलिस फरार आरोपी की तलाश में जुटी है। साथ ही पार्टी में मौजूद अन्य युवकों से पूछताछ कर घटना के पूरे घटनाक्रम की जानकारी जुटाई जा रही है। पुलिस का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी

Leave a Reply

Back to top button