छत्तीसगढ़

सोलर पैनल असेंबलिंग के दौरान बड़ा हादसा, करंट लगने से दो युवकों की मौत..

रायपुर। राजधानी रायपुर के पुरानी बस्ती थाना क्षेत्र में शनिवार को एक दर्दनाक हादसा हो गया। कुकरीपारा स्थित सर्वोदय स्कूल के पास सोलर पैनल असेंबलिंग का कार्य करते समय करंट लगने से दो कर्मचारियों की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई और काम तत्काल रोक दिया गया।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, सर्वोदय स्कूल के पास सोलर पैनल लगाने का कार्य चल रहा था। इसी दौरान असेंबलिंग के समय सोलर पैनल अचानक 11 केवी हाई वोल्टेज विद्युत लाइन के संपर्क में आ गया। इसके बाद तेज करंट फैल गया, जिसकी चपेट में आकर वहां काम कर रहे दो कर्मचारी गंभीर रूप से झुलस गए। करंट इतना तेज था कि दोनों की घटनास्थल पर ही मौत हो गई।

घटना की सूचना मिलते ही पुरानी बस्ती थाना पुलिस मौके पर पहुंची। थाना प्रभारी विनय सिंह बघेल ने टीम के साथ घटनास्थल का निरीक्षण किया और पूरे क्षेत्र को सुरक्षित कर जांच शुरू कर दी। पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पंचनामा कार्रवाई पूरी की और पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेज दिया।

मृतकों की पहचान आशीष और प्रमोद चंद्राकर के रूप में हुई है। दोनों दुर्ग जिले के औंधी गांव के निवासी बताए जा रहे हैं। हादसे की सूचना मिलते ही परिजन भी रायपुर पहुंचे, जिसके बाद परिवार में मातम पसर गया।

प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि सोलर पैनल असेंबलिंग के दौरान सुरक्षा मानकों में चूक हुई हो सकती है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि सोलर पैनल हाई वोल्टेज लाइन के संपर्क में कैसे आया और कार्यस्थल पर सुरक्षा व्यवस्था में किस स्तर पर लापरवाही बरती गई।

फिलहाल पुलिस तकनीकी जांच और प्रत्यक्षदर्शियों के बयान के आधार पर पूरे मामले की जांच कर रही है। वहीं, इस हादसे ने एक बार फिर कार्यस्थलों पर सुरक्षा मानकों के पालन को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

Leave a Reply

Back to top button