कोंडागांव (छत्तीसगढ़)। छत्तीसगढ़ के कोंडागांव जिले से रिश्तों को तार-तार कर देने वाली एक खौफनाक वारदात सामने आई है। यहां कोतवाली थाना क्षेत्र में एक सगे पिता ने अपनी ही 8 साल की मासूम बेटी के साथ हैवानियत की सारी हदें पार कर दीं। दिल दहला देने वाली बात यह है कि इस कलयुगी पिता की करतूतों से पर्दा उठाने और मासूम को इंसाफ दिलाने के लिए खुद उसकी मां सामने आई। ससुराल पक्ष के भारी दबाव और धमकियों को दरकिनार करते हुए मां ने थाने पहुंचकर आरोपी पति के खिलाफ FIR दर्ज कराई, जिसके बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
पत्नी के मना करने के बाद भी मासूम को खींचकर ले गया कमरा
मिली जानकारी के अनुसार, आरोपी पिता इससे पहले भी दो बार अपनी मासूम बच्ची के साथ जबरदस्ती और दरिंदगी कर चुका था। इस बात की भनक आरोपी की पत्नी (मासूम की मां) को भी लग चुकी थी। बीती 2 जुलाई की रात आरोपी ने एक बार फिर अपनी घिनौनी नीयत दिखाई। पत्नी ने इसका पुरजोर विरोध किया और उसे रोकने की कोशिश की, लेकिन हैवानियत की सनक में डूबा पति पत्नी की बात को अनसुना कर मासूम बच्ची को जबरदस्ती खींचकर कमरे में ले गया और उसके साथ दुष्कर्म की घटना को अंजाम दिया।
ससुराल वालों ने बनाया दबाव, पर मां ने नहीं मानी हार
इस खौफनाक मंजर को झेलने के बाद, पीड़ित मां अगली सुबह (3 जुलाई) अपनी 8 साल की मासूम बेटी की उंगली थामकर सीधे कोंडागांव कोतवाली थाने पहुंच गई। महिला ने पुलिस को बताया कि इस घिनौने अपराध को छुपाने और रिपोर्ट दर्ज न कराने के लिए उसके ससुराल पक्ष (पति के परिवार) ने उस पर चौतरफा भारी दबाव बनाया। उसे डराया-धमकाया गया, लेकिन अपनी ममता और बेटी को इंसाफ दिलाने के संकल्प के आगे उसने किसी की नहीं सुनी और पति के खिलाफ नामजद प्राथमिकी (FIR) दर्ज करा दी।
पुलिस की कार्रवाई: आरोपी ने कबूला जुर्म
शिकायत मिलते ही कोंडागांव पुलिस तत्काल एक्शन में आई। मामले की गंभीरता को देखते हुए कोतवाली थाना प्रभारी सौरभ उपाध्याय के नेतृत्व में टीम ने दबिश देकर आरोपी पिता को चंद घंटों के भीतर हिरासत में ले लिया।



