कोंडागांव। छत्तीसगढ़ के कोंडागांव जिले के फरसगांव ब्लॉक अंतर्गत बड़ेडोंगर थाना क्षेत्र में पारिवारिक विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। ग्राम कोटपाड में बड़े भाई ने कथित तौर पर अपने छोटे भाई पर कुल्हाड़ी से हमला कर दिया। बीच-बचाव करने पहुंची मां भी हमले में घायल हो गईं। गंभीर रूप से घायल युवक का अस्पताल में इलाज जारी है।
जानकारी के अनुसार, ग्राम कोटपाड निवासी सलीम पटेल (24 वर्ष) शुक्रवार शाम अपनी मां रामोतीन पटेल के साथ घर में भोजन कर रहा था। इसी दौरान उसका बड़ा भाई जितेंद्र पटेल वहां पहुंचा और कथित तौर पर कुल्हाड़ी से ताबड़तोड़ हमला कर दिया।
हमले में सलीम के सिर, पीठ और जांघ पर गंभीर चोटें आई हैं। घायल बेटे को बचाने के लिए जब मां बीच में आईं तो वह भी घायल हो गईं। दोनों को तत्काल उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया।
घायल सलीम पटेल को गंभीर हालत में डायल-112 एंबुलेंस की मदद से रात करीब 8:30 बजे फरसगांव सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लाया गया, जहां डॉक्टरों की निगरानी में उसका इलाज जारी है। वहीं मां रामोतीन पटेल का प्राथमिक उपचार कोटपाड अस्पताल में किया गया।
फिलहाल पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। घटना के पीछे की वजह अभी स्पष्ट नहीं हो सकी है। बड़ेडोंगर थाना पुलिस आरोपित से पूछताछ कर रही है और पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है।
पुलिस का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।



