हैदराबाद। भारी बारिश के चलते दर्दनाक हादसा हो गया। एक निर्माणाधीन अपार्टमेंट की दीवार गिर गई। इस हादसे में सात लोगों की मौत हो गई। यह घटना बाचुपल्ली इलाके की रेणुका एलम्मा कॉलोनी की है।
मिली जानकारी के अनुसार, बारिश के कारण मंगलवार शाम को एक निर्माणाधीन अपार्टमेंट की दीवार गिर गई। जिसके नीचे दबकर चार साल के बच्चे समेत सात मजदूरों की मौत हो गई। यह घटना मंगलवार रात मेडचल मल्काजगिरी जिले के बाचुपल्ली में रेणुका येलम्मा कॉलोनी में एक निर्माणाधीन अपार्टमेंट की है। बुधवार सुबह तक चले अभियान में बचावकर्मियों ने मलबे से सात मजदूरों के शव बरामद किए। मृतकों की पहचान तिरुपति राव (20), शंकर (22), राजू (25), राम यादव (34), गीता (32), हिमांशु (4) और खुशी के रूप में हुई।
मृतक ओडिशा और छत्तीसगढ़ के निर्माण श्रमिक थे। पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए उस्मानिया अस्पताल भेज दिया गया है और मामले की जांच कर रही है। हैदराबाद और तेलंगाना के कुछ अन्य जिलों में मंगलवार शाम को तेज हवाओं के साथ भारी बारिश हुई। जिससे निचले इलाकों में पानी भर गया और पेड़ उखड़ गए।



