बस्तर। छत्तीसगढ़ के बस्तर संभाग में सुरक्षाबलों को नक्सल विरोधी अभियान के दौरान बड़ी सफलता मिली है। सुकमा, नारायणपुर और बीजापुर जिलों में चलाए गए सर्च ऑपरेशन के दौरान जमीन में छिपाकर रखे गए 39 लाख 77 हजार रुपये नकद, भारी मात्रा में हथियार, कारतूस और विस्फोटक बरामद किए गए हैं। वहीं, कुल 13 लाख रुपये के इनामी दो माओवादियों ने पुलिस के सामने आत्मसमर्पण कर दिया है।
यह कार्रवाई बस्तर संभाग के सात जिलों में चलाए जा रहे सघन तलाशी और एरिया डोमिनेशन अभियान का हिस्सा है। सुरक्षाबल माओवादी ठिकानों में छिपाकर रखे गए हथियारों, विस्फोटकों और नकदी की तलाश कर रहे हैं।
सुकमा में हथियारों और विस्फोटकों का जखीरा बरामद
सुकमा जिले के चिंतलनार थाना क्षेत्र के गुंडराजगुडेम और रासपल्ली के जंगलों में 25 नवंबर को जिला बल, डीआरजी और बस्तर फाइटर्स की संयुक्त टीम ने अभियान चलाया। आत्मसमर्पण कर चुके माओवादियों से मिली सूचना के आधार पर रासपल्ली के जंगल में छिपाकर रखा गया सामान बरामद किया गया।
इसमें 8 देशी हथियार, जिनमें 2 सिंगल बैरल राइफल और 6 मजल लोडिंग बंदूकें शामिल हैं। इसके अलावा AK-47, SLR, इंसास, .303 राइफल, 9 एमएम और 12 बोर के कुल 229 कारतूस भी बरामद किए गए।
सुरक्षाबलों को 10 से 12 किलोग्राम का टिफिन आईईडी, 3 हैंड ग्रेनेड, 4 देशी तीर बम, 10 इलेक्ट्रिक डेटोनेटर, बीजीएल शेल, बारूद, कॉर्डेक्स वायर और अन्य विस्फोटक सामग्री भी मिली। मौके से वायरलेस सेट, मैगजीन, बैटरियां, नक्सली वर्दी, दवाइयां और माओवादी साहित्य भी जब्त किया गया।
नारायणपुर के अबूझमाड़ में भी हथियार बरामद
नारायणपुर जिले के सोनपुर थाना क्षेत्र के अबूझमाड़ के पहाड़ी जंगलों में पुलिस और बीएसएफ की संयुक्त टीम ने तलाशी अभियान चलाया। यहां चट्टानों के नीचे छिपाकर रखी गई एक SLR राइफल और एक इंसास राइफल बरामद हुई। दोनों हथियारों के साथ 52-52 जिंदा कारतूस भी मिले।
इसके अलावा दो वायरलेस सेट, लेजर पॉइंटर, मैगजीन कवर और एक देशी कट्टा भी जब्त किया गया है। इलाके में आईईडी और अन्य हथियारों की तलाश जारी है।
बीजापुर में जमीन के नीचे दबे मिले 39.77 लाख रुपये
बीजापुर जिले के भैरमगढ़ थाना क्षेत्र के बड़ेपल्ली गांव के पास जंगल में डीआरजी, स्थानीय पुलिस और बम निरोधक दस्ते की संयुक्त टीम ने तलाशी अभियान चलाया। इस दौरान जमीन के नीचे दबाया गया एक बोरा मिला, जिस पर स्टील का ढक्कन लगा हुआ था।
बोरे के अंदर टेप से लिपटे पैकेटों में 500 रुपये के नोट रखे हुए थे। गिनती करने पर कुल 39 लाख 77 हजार रुपये नकद मिले। पुलिस ने पूरी राशि जब्त कर ली है।
13 लाख के इनामी दो माओवादियों ने किया आत्मसमर्पण
इस पूरे घटनाक्रम में दो माओवादियों का आत्मसमर्पण भी अहम माना जा रहा है। दोनों पर कुल 13 लाख रुपये का इनाम घोषित था। आत्मसमर्पण करने वाले माओवादियों से मिली जानकारी के आधार पर ही सुरक्षाबलों को कई छिपे हुए ठिकानों तक पहुंचने में मदद मिली।
बस्तर में लगातार चल रहे सर्च ऑपरेशन के बीच हथियारों, विस्फोटकों और बड़ी नकदी की बरामदगी को माओवादी नेटवर्क के खिलाफ सुरक्षाबलों की बड़ी कामयाबी माना जा रहा है।



