रायगढ़। छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले से रिश्तों को शर्मसार करने वाली एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है। शराब पीने से मना करने पर गुस्साए बेटे ने अपने ही पिता पर कुल्हाड़ी से जानलेवा हमला कर दिया। हमले में 62 वर्षीय पिता की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई है। पुलिस ने आरोपी बेटे को हिरासत में लेकर जांच शुरू कर दी है।
शराब पीने को लेकर पिता-बेटे में हुआ विवाद
मामला खरसिया थाना क्षेत्र के ग्राम रानी सागर का है। मृतक की पहचान धरम गिरी (62 वर्ष) के रूप में हुई है, जबकि आरोपी बेटे का नाम राजकुमार गिरी (40 वर्ष) बताया जा रहा है। जानकारी के मुताबिक, राजकुमार को शराब पीने की आदत थी। उसके पिता अक्सर उसे शराब पीने से मना करते थे।
मंगलवार रात भी इसी बात को लेकर पिता और बेटे के बीच कहासुनी शुरू हो गई। देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि गुस्से में आए राजकुमार ने कुल्हाड़ी उठा ली।
कुल्हाड़ी से सिर पर किया वार, मौके पर तोड़ा दम
आरोप है कि राजकुमार ने कुल्हाड़ी से अपने पिता धरम गिरी के सिर के पिछले हिस्से पर वार कर दिया। हमले में वह गंभीर रूप से घायल होकर जमीन पर गिर पड़े। चोट इतनी गंभीर थी कि उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
घटना के बाद परिजनों ने पुलिस को सूचना दी। जानकारी मिलते ही खरसिया थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया।
आरोपी बेटा हिरासत में, FSL टीम ने जुटाए साक्ष्य
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस के साथ एफएसएल (फॉरेंसिक साइंस लैब) की टीम भी घटनास्थल पर पहुंची। टीम ने मौके से जरूरी साक्ष्य जुटाए हैं। पुलिस ने आरोपी राजकुमार गिरी को हिरासत में ले लिया है।
खरसिया एसडीओपी सतीश भार्गव के मुताबिक, शुरुआती जांच में शराब पीने को लेकर पिता-पुत्र के बीच विवाद होने की बात सामने आई है। इसी दौरान बेटे ने कुल्हाड़ी से पिता पर हमला कर दिया, जिससे उनकी मौत हो गई।
फिलहाल पुलिस मामले के सभी पहलुओं की जांच कर रही है। विस्तृत जांच और साक्ष्यों के आधार पर घटना की वास्तविक परिस्थितियों का खुलासा होगा।



